बड़वानी, 05 जनवरी 2026।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. सुरेखा जमरे और सिविल सर्जन डॉ. मनोज खन्ना के मार्गदर्शन में जिला अस्पताल बड़वानी में नेत्र शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़वानी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों सहित खरगोन और आलीराजपुर जिले से आए कुल 74 मरीजों ने अपनी आँखों की जाँच कराई।
विशेषज्ञों द्वारा किया गया सघन परीक्षण
लायन सुनील शर्मा ने बताया कि कैंप कोऑर्डिनेटर रविंद्र टेकाम और डॉ. ऋषिकेश द्वारा 74 मरीजों का नेत्र परीक्षण किया गया। जाँच के दौरान सिस्टर लक्ष्मी बेगा ने मरीजों का ब्लड प्रेशर और मनोज भगोरे ने ब्लड शुगर की जाँच की। शिविर की संपूर्ण व्यवस्था सुधीर सोनाने और धर्मेंद्र बिल्लौरे ने संभाली।
17 मरीज लैंस प्रत्यारोपण हेतु इंदौर रवाना
लायन महेश चंद्र शर्मा के अनुसार, परीक्षण के दौरान 20 मरीजों में मोतियाबिंद के लक्षण पाए गए। इनमें से 3 मरीजों का ब्लड शुगर अधिक होने के कारण फिलहाल उनका ऑपरेशन संभव नहीं था। शेष 17 पात्र मरीजों को निःशुल्क लैंस प्रत्यारोपण हेतु बस द्वारा इंदौर भेजा गया है।
सेवा और सहयोग की मिसाल
द्वितीय वाईस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन राम जाट ने जानकारी दी कि शिविर में आए 3 बुजुर्ग मरीज ठंड से ठिठुर रहे थे, जिन्हें लायन सुनील शर्मा के सौजन्य से कंबल प्रदान किए गए। लायन सचिन शर्मा ने इस शिविर की सफलता में जिला अस्पताल स्टाफ और डीडीपीएम अनिल राठौड़ के विशेष सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
अगला शिविर 19 जनवरी को
नेत्र रोगों से ग्रसित मरीजों के लिए अगला नेत्र परीक्षण शिविर आगामी 19 जनवरी, सोमवार को पुनः जिला अस्पताल में आयोजित किया जाएगा। अस्पताल प्रबंधन ने जरूरतमंदों से इस शिविर का लाभ लेने की अपील की है।






