जिला न्यायालय में स्वास्थ्य शिविर: अमेरिका के विशेषज्ञों ने न्यायाधीशों और वकीलों को दी सीपीआर की ट्रेनिंग

शेयर करे

बड़वानी, 24 जनवरी 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)

​प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री महेन्द्र कुमार जैन की अध्यक्षता में शनिवार को जिला न्यायालय के एडीआर भवन में एक विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर की खास बात यह रही कि इसमें अमेरिका से आए सुपर स्पेशलिटी चिकित्सकों ने आकस्मिक परिस्थितियों में जीवन बचाने की महत्वपूर्ण तकनीक ‘सीपीआर’ का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।

सीपीआर: संकट के समय जीवनदायनी प्रक्रिया

साईं बाबा जीवनधारा हॉस्पिटल के माध्यम से अमेरिका से आए प्रसिद्ध चिकित्सकों की टीम ने न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और न्यायालयीन कर्मचारियों को ‘कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन’ (CPR) की बारीकियां समझाईं। विशेषज्ञों ने डमी के माध्यम से हार्ट पंपिंग की सही प्रक्रिया सिखाई और बताया कि हार्ट अटैक या अचानक बेहोश होने की स्थिति में कैसे तुरंत सहायता देकर किसी की जान बचाई जा सकती है। चिकित्सकों ने हृदय रोगों के लक्षण और ब्लॉकेज के संकेतों के प्रति भी जागरूक किया।

प्रधान जिला न्यायाधीश का संबोधन

शिविर को संबोधित करते हुए श्री महेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि सीपीआर एक अत्यंत प्रभावी जीवनदायनी प्रक्रिया है। विकट समय में जब डॉक्टर उपलब्ध न हों, तब इस तकनीक का प्रयोग कर किसी व्यक्ति का जीवन सुरक्षित किया जा सकता है। उन्होंने जोर दिया कि हर नागरिक को यह प्रशिक्षण अवश्य लेना चाहिए।

100 से अधिक लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

शिविर के दौरान न्यायाधीशों, वकीलों और कर्मचारियों सहित कुल 100 से अधिक व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसमें मुख्य रूप से बीपी, शुगर और ईसीजी जैसी महत्वपूर्ण जांचें निःशुल्क की गईं।

वरिष्ठ जनों की उपस्थिति

इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश मो. रईश खान, द्वितीय अपर जिला न्यायाधीश मानवेन्द्र पवार, प्रथम अपर जिला न्यायाधीश चंदनसिंह चौहान, जिला विधिक सहायता अधिकारी रॉबिन दयाल, अधिवक्ता संघ अध्यक्ष सोहनलाल पाटीदार, सचिव नुरूज्जमा शेख और रोटरी क्लब के सदस्य उपस्थित रहे। अधिवक्ता संघ ने अमेरिका से आई टीम और हॉस्पिटल स्टाफ का आभार व्यक्त किया।