बड़वानी, 27 जनवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर मंगलवार को बड़वानी जिला मुख्यालय सहित जिले भर में बैंक कर्मचारियों की एकदिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल रही। इस हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह ठप रहीं, जिससे करोड़ों का लेन-देन प्रभावित हुआ और आम ग्राहकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
प्रमुख मांग: 5 दिवसीय बैंकिंग सप्ताह
हड़ताल का मुख्य उद्देश्य बैंक कर्मचारियों के लिए ‘पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह’ (सप्ताह में दो दिन अवकाश) लागू करने की मांग को बुलंद करना है। बैंक यूनियन के पदाधिकारी अनमोल सुलिया ने बताया कि यह मांग लंबे समय से लंबित है। उन्होंने तर्क दिया कि सप्ताह में दो दिन का अवकाश मिलने से कर्मचारियों पर काम का मानसिक दबाव कम होगा, जिससे वे ग्राहकों को और अधिक ऊर्जा और प्रभावी ढंग से सेवाएं दे सकेंगे।
नारेबाजी कर जताया विरोध
हड़ताल के दौरान बैंक कर्मचारियों ने बैंक शाखाओं के बाहर एकत्र होकर केंद्र सरकार के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से नारेबाजी की। यूनियन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द ही इस संबंध में सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आने वाले समय में आंदोलन को और अधिक उग्र और व्यापक बनाया जाएगा।
इनका रहा विशेष योगदान
इस राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन को सफल बनाने में निर्मल मुराड़िया, संतोष कदम, राजेश यादव सहित बड़ी संख्या में बैंक साथियों ने सक्रिय सहभागिता की। हड़ताल के चलते जिले की अधिकांश राष्ट्रीयकृत बैंकों में ताले लटके रहे, जिससे चेक क्लीयरेंस और नगद जमा-निकासी जैसे कार्य पूरी तरह बंद रहे।




