बड़वानी, 31 जनवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
जिला अस्पताल बड़वानी ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के मामले में एक नई मिसाल पेश की है। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम (NQAS) के तहत आई तीन सदस्यीय राष्ट्रीय विशेषज्ञ टीम ने तीन दिवसीय सघन निरीक्षण के अंतिम दिन अस्पताल की व्यवस्थाओं और सेवाओं की मुक्त कंठ से सराहना की।
राष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरा अस्पताल
डॉ. तरुण के.आर. रवि, डॉ. दिनेश सिंह गुर्जर और डॉ. अशोक कुमार पालीवाल की टीम ने अस्पताल के ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, एसएनसीयू, ब्लड बैंक और सेंट्रल लैब सहित सभी प्रमुख विभागों का बारीकी से परीक्षण किया। टीम ने पाया कि अस्पताल की सेवाएं और बुनियादी ढांचा राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप है। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. मनोज खन्ना और डॉ. बादल खरते ने टीम को 28 वार्डों सहित सीटी स्कैन और सोनोग्राफी जैसी आधुनिक सुविधाओं की जानकारी दी।
कलेक्टर के निर्देशों और कायाकल्प का दिखा असर
अस्पताल के स्वरूप में आए सकारात्मक बदलाव में पूर्व में कलेक्टर जयति सिंह द्वारा किए गए निरीक्षणों का स्पष्ट असर दिखाई दिया। ओपीडी के बाहर एलईडी स्क्रीन पर स्वास्थ्य संदेशों का प्रसारण, सूचना बोर्ड और जनकल्याणकारी योजनाओं के फ्लैक्स बोर्ड ने टीम को खासा प्रभावित किया।
मरीज सुविधाओं में दिखा संवेदनशीलता का भाव
अस्पताल में मरीजों के लिए व्हीलचेयर, स्ट्रेचर पर साफ चादरें, बाल रोग विभाग के पास बच्चों के लिए खिलौने और स्टाफ का ड्रेस कोड उत्कृष्ट व्यवस्था की गवाही दे रहे थे। टीम ने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधा संवाद कर दवाइयों की उपलब्धता और स्टाफ के व्यवहार की पुष्टि की।
जल्द तय होगी राष्ट्रीय रैंकिंग
तीन दिवसीय मूल्यांकन की विस्तृत रिपोर्ट अब भारत सरकार को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर जिला अस्पताल की राष्ट्रीय रैंकिंग और प्रमाणीकरण का निर्णय होगा। सिविल सर्जन डॉ. मनोज खन्ना ने इसे जिले के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि इससे आमजन को और अधिक भरोसेमंद स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।






