बड़वानी, 10 फरवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
बड़वानी जिले के विद्युत मंडल पेंशनर्स अपनी लंबित मांगों को लेकर अब आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। विद्युत मंडल पेंशनर्स संघ के आह्वान पर 11 फरवरी को संयुक्त मोर्चा के बैनर तले एक विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। शासन द्वारा मांगों पर ध्यान न दिए जाने के विरोध में पेंशनर्स ने आंदोलन का रास्ता चुना है।
मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन पर नहीं हुई सुनवाई
संघ के अध्यक्ष अनूप जोशी ने बताया कि इससे पूर्व 23 दिसंबर 2025 को माननीय मुख्यमंत्री को अपनी समस्याओं के संबंध में ज्ञापन सौंपा गया था। काफी समय बीत जाने के बाद भी शासन स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से पेंशनर्स में भारी रोष व्याप्त है। इसी के विरोध में कल दोपहर 2 बजे से पुराने कलेक्टर कार्यालय परिसर में धरना दिया जाएगा।
दो सूत्रीय प्रमुख मांगें
पेंशनर्स संघ ने मुख्य रूप से दो मांगों पर ध्यान केंद्रित किया है:
- पेंशन की गारंटी: सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बुढ़ापे के सहारे यानी पेंशन की शासकीय गारंटी सुनिश्चित की जाए।
- समान महंगाई भत्ता (DA): केंद्र सरकार के कर्मचारियों के समान ही पेंशनर्स को भी महंगाई भत्ता प्रदान किया जाए।
बैठक और पत्रकार वार्ता का आयोजन
कल के कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे संघ की आवश्यक बैठक से होगी, जिसमें संगठनात्मक विषयों और नई कार्यकारिणी के गठन पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद धरना स्थल पर ही एक पत्रकार वार्ता भी आयोजित की जाएगी, ताकि मीडिया के माध्यम से शासन तक अपनी बात पहुँचाई जा सके।
संघ ने जिले के सभी विद्युत मंडल पेंशनर्स से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस आंदोलन में शामिल हों। जो साथी सोशल मीडिया या व्हाट्सऐप से नहीं जुड़े हैं, उन्हें भी व्यक्तिगत रूप से सूचित कर इस सामूहिक लड़ाई का हिस्सा बनाने का आग्रह किया गया है।




