बड़वानी, 02 मार्च 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
बड़वानी विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री राजन मण्डलोई की सक्रियता और विधानसभा में उठाई गई मांग रंग लाई है। माँ नर्मदा की परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु ग्राम घोंघसा (पंचायत रोसर) के लखन गिरी आश्रम तट पर करोड़ों रुपये के निर्माण कार्यों को शासन ने हरी झंडी दे दी है।
करोड़ों की लागत से संवरेगा नर्मदा तट
विधायक श्री मण्डलोई द्वारा पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री से किए गए निरंतर पत्राचार के फलस्वरूप कुल 216.63 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस बजट से निम्नलिखित कार्य संपन्न होंगे:
- घाट निर्माण: माँ नर्मदा के पावन तट पर 176.67 लाख रुपये की लागत से भव्य घाट बनाया जाएगा।
- सामुदायिक भवन एवं शौचालय: श्रद्धालुओं के विश्राम और स्वच्छता हेतु 39.96 लाख रुपये से आधुनिक भवन और शौचालय का निर्माण होगा।
परिक्रमा वासियों और संतों को मिलेगी बड़ी सुविधा
इन विकास कार्यों से नर्मदा परिक्रमा करने वाले साधु-संतों और श्रद्धालुओं को ठहरने, स्नान करने और मूलभूत सुविधाओं के लिए अब भटकना नहीं पड़ेगा। विधायक श्री राजन मण्डलोई ने कहा, “श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देना हमारा संकल्प है। माँ नर्मदा के भक्तों की सेवा और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास ही मेरी प्राथमिकता है।”
नर्मदा तट पर इन सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय ग्रामीणों और परिक्रमा वासियों में प्रसन्नता की लहर है।




