बड़वानी जिले में आगामी त्योहारों को लेकर प्रशासन सख्त कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने दिए सुरक्षा के कड़े निर्देश नियम तोड़ने वालों पर होगी सीधी कार्रवाई

शेयर करे

बड़वानी, 21 फरवरी 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)

​आगामी लोक पर्व भगोरिया, होली, धुलेंडी, रंगपंचमी सहित रमजान और ईद-उल-फितर के दौरान जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। शनिवार को कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह एवं प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर की अध्यक्षता में कानून एवं व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

भगोरिया हाट में झूलों की फिटनेस और ड्रोन से होगी निगरानी

​कलेक्टर ने निर्देश दिए कि भगोरिया हाट और मेलों में लगने वाले झूलों की अनुमति से पूर्व उनकी फिटनेस जांच अनिवार्य होगी। क्षमता से अधिक लोगों को बैठाने पर संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मेला स्थलों पर असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए CCTV और ड्रोन कैमरों का उपयोग किया जाएगा। विशेषकर महिलाओं और बच्चियों के साथ छेड़खानी की घटनाओं को रोकने के लिए सादे कपड़ों में पुलिस बल तैनात रहेगा। मेले में हथियारों का प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

परंपरागत स्थलों पर ही होगा होलिका दहन

​बैठक में निर्णय लिया गया कि होली दहन केवल पूर्व निर्धारित परंपरागत स्थलों पर ही किया जाएगा। रंगपंचमी और गैर के दौरान संवेदनशील मार्गों पर विशेष पुलिस बल तैनात रहेगा। हानिकारक केमिकल और मिलावटी रंगों की बिक्री पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन ने साफ किया कि किसी भी प्रकार की गंदगी या आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

यातायात और सोशल मीडिया पर विशेष नजर

त्योहारों के दौरान वाहनों की ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग रोकने के लिए पुलिस और आबकारी विभाग को संयुक्त चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। टोल नाकों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें और आपत्तिजनक पोस्ट फैलाने वालों पर साइबर सेल द्वारा नजर रखी जा रही है, ताकि जिले का सांप्रदायिक सौहार्द बना रहे।