मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बड़वानी जिले का प्रशासन अलर्ट: कमिश्नर और आईजी ने नागलवाड़ी में लिया व्यवस्थाओं का जायजा

शेयर करे

बड़वानी, 28 फरवरी 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)

​मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित बड़वानी दौरे को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री के दौरे की पूर्व तैयारियों की समीक्षा करने के लिए शनिवार को इंदौर संभाग के कमिश्नर श्री सुदाम खाड़े और आईजी श्री अनुराग ने नागलवाड़ी पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया।

शिखर धाम में दर्शन और भगोरिया में होंगे शामिल

​प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रसिद्ध शिखर धाम नागलवाड़ी में दर्शन करेंगे और इसके बाद जुलवानिया में आयोजित होने वाले लोक संस्कृति के पर्व भगोरिया में सहभागिता करेंगे। साथ ही नागलवाड़ी में कृषि कैबिनेट की बैठक आयोजित होने की भी संभावना है, जिसे देखते हुए प्रशासन विशेष प्रबंध करने में जुटा है।

हेलीपैड से लेकर पार्किंग तक का सूक्ष्म निरीक्षण

​कमिश्नर और आईजी ने हेलीपैड, मुख्य मंच, बैठक व्यवस्था और पार्किंग स्थलों का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आवागमन मार्ग, पेयजल और विद्युत आपूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें वीआईपी सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी

​समीक्षा बैठक में कमिश्नर और आईजी के साथ डीआईजी निमाड़ रेंज श्री सिद्धार्थ बहुगुणा, बड़वानी कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह, खरगोन एसपी श्री रवींद्र वर्मा, प्रभारी एसपी बड़वानी श्री धीरज बब्बर और अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि मुख्यमंत्री का दौरा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।