आलीराजपुर, 17 फरवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी: ब्यूरो रिपोर्ट)
आलीराजपुर कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक दिव्यांग शिक्षिका की मुश्किल राह को आसान बना दिया है। कलेक्टर ने कर्तव्य के प्रति समर्पित शिक्षिका श्रीमती लक्ष्मी कन्नौज को जनसुनवाई के दौरान इलेक्ट्रिक ट्राई साइकिल प्रदान की।
घुटनों के बल चलकर पहुँचती थीं स्कूल
नानपुर के समीप ग्राम फाटा स्थित माध्यमिक विद्यालय में पदस्थ शिक्षिका श्रीमती लक्ष्मी कन्नौज का जज्बा वाकई अनुकरणीय है। वे प्रतिदिन लगभग 18 किलोमीटर का सफर बस से तय कर विद्यालय पहुँचती हैं। संघर्ष यहीं खत्म नहीं होता था; बस से उतरने के बाद स्कूल तक का 150 मीटर का रास्ता उन्हें घुटनों के बल चलकर तय करना पड़ता था। इतनी शारीरिक चुनौतियों के बावजूद वे कभी अपने कर्तव्य से पीछे नहीं हटीं और नियमित रूप से बच्चों को पढ़ाने स्कूल पहुँचती रहीं।
सम्मान और सुरक्षा का उपहार
शिक्षिका के इस समर्पण को देखते हुए कलेक्टर श्रीमती माथुर ने उन्हें इलेक्ट्रिक ट्राई साइकिल भेंट की ताकि उनका दैनिक सफर सुगम हो सके। संवेदनशीलता दिखाते हुए कलेक्टर ने सुरक्षा की दृष्टि से उन्हें हेलमेट भी प्रदान किया। इस दौरान अधिकारियों और वहां उपस्थित नागरिकों ने शिक्षिका को ट्राई साइकिल चलाने का अभ्यास भी कराया।
कर्तव्य के प्रति दी प्रेरणा
साइकिल भेंट करते हुए कलेक्टर ने शिक्षिका लक्ष्मी कन्नौज की सराहना की और उन्हें और अधिक उत्साह एवं समर्पण के साथ बच्चों के भविष्य निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। इस मानवीय पहल की पूरे जिले में प्रशंसा हो रही है।




