जोबट विधायक सेना पटेल ने की मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से इस्तीफे और आदिवासी समाज से माफी की मांग

शेयर करे

आलीराजपुर, 21 फरवरी 2026।

(निमाड़ दस्तक न्यूज़ : रफीक कुरैशी ब्यूरो रिपोर्ट)

आलीराजपुर। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के विरुद्ध की गई टिप्पणी को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के व्यवहार पर कड़ा एतराज जताया है। विधायक ने इसे केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि पूरे आदिवासी समाज का अपमान करार दिया है।

​अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल पर जताया कड़ा विरोध

​विधानसभा भवन में मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक सेना पटेल ने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के खिलाफ जिस भाषा का प्रयोग किया, वह निंदनीय है। उन्होंने कहा कि एक आदिवासी नेता को “औकात” जैसे शब्दों से संबोधित करना उनके अहंकार को दर्शाता है। कांग्रेस और आदिवासी समाज इस अपमान का कड़ा विरोध करते हैं और इसी कारण प्रदेश भर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।

​जनहित के मुद्दों पर संवेदनहीनता का लगाया आरोप

​विधायक सेना पटेल ने इंदौर की घटना का उदाहरण देते हुए कहा कि दूषित पानी से हुई मौतों पर जवाब देने के बजाय सवाल पूछने वाले पत्रकारों और विपक्ष को अपमानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रतिपक्ष की आवाज का सम्मान होना चाहिए। जनता यह सब देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।

​इस्तीफे की मांग पर अड़ी विधायक

विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को नैतिकता के आधार पर तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। साथ ही, उन्हें आदिवासी समाज की भावनाओं को ठेस पहुँचाने के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।