आलीराजपुर, 18 फरवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी: ब्यूरो रिपोर्ट)
आगामी होली, भगोरिया और रमजान पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। पुलिस कप्तान श्री रघुवंशकुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे, जिन्हें सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश दिए गए।
मेलों और झूलों का होगा सुरक्षा ऑडिट
पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि भगोरिया के दौरान लगने वाले मेलों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए। थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर झूलों की तकनीकी जाँच और सुरक्षा ऑडिट सुनिश्चित करें। मेलों में सीसीटीवी कैमरे, उचित विद्युत व्यवस्था और सुव्यवस्थित पार्किंग पर विशेष जोर दिया गया है।
“हमें चालान नहीं, हेलमेट चाहिए” अभियान की शुरुआत
सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए पुलिस द्वारा “हमें चालान नहीं, हेलमेट चाहिए” नामक एक अभिनव अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही, मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग कर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले और हुड़दंग करने वाले वाहन चालकों पर विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्यवाही की जाएगी। भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में छेड़छाड़ या अशांति फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध भी सख्त आदेश दिए गए हैं।
अवैध शराब और तस्करी पर होगी स्ट्राइक
कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों, विशेषकर अवैध शराब के परिवहन, अंतर्राज्यीय तस्करी और नकली ताड़ी के उत्पादन व वितरण पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए हैं। एसपी श्री सिंह ने स्पष्ट किया कि इन मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अलावा, महिला अपराधों और साइबर ठगी के प्रति जागरूकता के लिए विशेष शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
अपराध नियंत्रण और लंबित प्रकरण
बैठक में लंबित अपराधों के निराकरण, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के त्वरित समाधान और डिजिटल बीट सिस्टम को अपडेट करने पर भी चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने अपील की है कि आगामी पर्वों को हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी अप्रिय गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।




