आलीराजपुर आदिवासी समाज ने भगोरिया हाट को लेकर भ्रामक जानकारी फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग की। तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन।

शेयर करे

आलीराजपुर, 21 फरवरी 2026।

(निमाड़ दस्तक न्यूज़ : रफीक कुरैशी ब्यूरो रिपोर्ट)

आलीराजपुर। आदिवासी समुदाय के गौरवशाली “भगोरिया हाट” के संबंध में सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक जानकारियों को लेकर आदिवासी समाज जिला कोर कमेटी ने कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार को समाज के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर फेसबुक, यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर गलत तथ्य प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त अधिसूचना जारी करने की मांग की है।

​शोध रिपोर्ट का दिया हवाला, भ्रामक तथ्यों पर आपत्ति

​ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 2016-17 में मध्य प्रदेश शासन की अनुसंधान संस्था द्वारा किए गए अध्ययन में यह स्पष्ट हो चुका है कि भगोरिया हाट शादियों या प्रेम का उत्सव नहीं है। शासन ने भी पाठ्य-पुस्तकों और नेट से गलत जानकारियां हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद, कई यूट्यूबर्स और इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर्स जानबूझकर मनगढ़ंत और कुतर्क वाली जानकारी फैला रहे हैं, जिससे संपूर्ण आदिवासी समुदाय खुद को अपमानित महसूस करता है।

​वीडियोग्राफी करने वालों की बनेगी सूची

​कोर कमेटी ने मांग की है कि भगोरिया हाट के दौरान तैनात पुलिस बल ऐसे युवक-युवतियों को चिन्हित करे जो वीडियो रिकॉर्डिंग या फोटो ले रहे हैं। उनका नाम, यूट्यूब चैनल और मोबाइल नंबर सूचीबद्ध किया जाए। यह सूची समाज के संगठनों को भी उपलब्ध कराई जाए ताकि गलत जानकारी प्रसारित करने पर संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके। साथ ही यूट्यूब होस्ट को भी निर्देशित करने की मांग की गई है कि वे समुदाय की गरिमा को ठेस न पहुँचाएं।

​शराब बिक्री और राजनीतिक झंडों पर प्रतिबंध की मांग

​समाज ने प्रशासन से यह भी मांग की है कि भगोरिया हाट स्थल से 1 किलोमीटर की परिधि में विदेशी शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। इसके अलावा, सांस्कृतिक महत्व को बनाए रखने के लिए हाट में राजनीतिक पार्टियों के झंडे और प्रचार सामग्री पर भी रोक लगाने की बात कही गई है।

इस अवसर पर आदिवासी समाज आयोजन समिति के अध्यक्ष बहादुरसिंह रावत, रतनसिंह रावत, भंगुसिंह तोमर, नितेश अलावा सहित कोर कमेटी के कई सदस्य और पदाधिकारी उपस्थित रहे।