बजट सत्र में गूंजी आलीराजपुर की आवाज़, विधायक सेना पटेल ने विकास कार्यों और कर्मचारियों के वेतन को लेकर सरकार को घेरा

शेयर करे

आलीराजपुर, 04 मार्च 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी: ब्यूरो रिपोर्ट)

​मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान आलीराजपुर विधायक सेना महेश पटेल ने क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार का ध्यान आकर्षित किया। बजट पर चर्चा करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक आदिवासी बहुल और पिछड़े जिलों की मूलभूत आवश्यकताओं को प्राथमिकता नहीं दी जाएगी, तब तक प्रदेश का समग्र विकास संभव नहीं है।

नगर विकास और आवास के लिए उठाई मांग

​विधायक सेना पटेल ने सदन में आलीराजपुर नगरपालिका भवन के निर्माण की शीघ्र स्वीकृति की मांग मजबूती से रखी। उन्होंने कहा कि एक व्यवस्थित प्रशासनिक भवन होने से आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। इसके साथ ही उन्होंने श्रीराम गौशाला भवन के विकास, गौशाला ब्रिज के निर्माण और अन्य लंबित कार्यों को तत्काल पूर्ण करने की बात कही। बढ़ती आबादी का हवाला देते हुए विधायक ने नगरपालिका क्षेत्र में 500 नवीन आवासों की आवश्यकता को एक गंभीर मुद्दा बताया और कहा कि गरीब परिवारों को सम्मानजनक जीवन देना सरकार की जिम्मेदारी है।

कर्मचारियों के वेतन पर सरकार को घेरा

​विधायक सेना पटेल ने नगरपालिका के सफाई कर्मियों और अन्य कर्मचारियों के हितों का मुद्दा अत्यंत संवेदनशीलता के साथ उठाया। उन्होंने कहा, “जो सफाई कर्मचारी तड़के उठकर पूरे नगर को स्वच्छ और स्वस्थ रखते हैं, उन्हें समय पर वेतन मिलना उनका अधिकार है, सरकार का कोई उपकार नहीं।” उन्होंने नियमित और आउटसोर्स कर्मचारियों को वेतन मिलने में होने वाली देरी पर कड़ा ऐतराज जताते हुए सरकार से मांग की कि वेतन भुगतान की प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी बनाई जाए।

कर्मचारियों का सम्मान हमारी प्राथमिकता

​सदन में अपने वक्तव्य का समापन करते हुए विधायक पटेल ने कहा कि आलीराजपुर नगर का विकास और कर्मचारियों का सम्मान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बजट सत्र में उनके इस हस्तक्षेप को नगर विकास के साथ-साथ कर्मचारियों के अधिकारों की एक सशक्त आवाज़ के रूप में देखा जा रहा है।