बड़वानी, 27 फरवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
बड़वानी जिले की अंजड़ थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक सनसनीखेज अंधे कत्ल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर अज्ञात महिला की हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
बावड़ी में मिला था सड़ा-गला शव
घटना का खुलासा तब हुआ जब 23 फरवरी को सुरेश यादव के खेत की एक बावड़ी में एक महिला का सड़ा-गला शव मिलने की सूचना मिली। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक आर.आर. चौहान ने टीम के साथ मौके पर पहुँचकर बारीकी से निरीक्षण किया और शव को बाहर निकलवाया। मृतिका की पहचान मोनिका (25 वर्ष), निवासी शिवालय मोहल्ला अंजड़ के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर और एसडीओपी दिनेश सिंह चौहान के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई।
सीसीटीवी और कॉल डिटेल से खुला राज
पुलिस टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक पद्धति का सहारा लेते हुए क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मृतिका के मोबाइल नंबर की सीडीआर (कॉल डिटेल) का गहन परीक्षण किया। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शिवालय मोहल्ला निवासी विशाल किरालिया और शंकर चौहान को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया। जब इनसे मनोवैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
चरित्र शंका बनी हत्या की वजह
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने चरित्र शंका के चलते मोनिका की गला घोंटकर हत्या की थी और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को बावड़ी में फेंक दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें केंद्रीय जेल बड़वानी भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आर.आर. चौहान के नेतृत्व में उनि महावीर चंदेल, उनि दिनेश चंगोड, साइबर शाखा के प्र.आर. योगेश पाटील, आर. मडिया डावर सहित पूरी टीम का विशेष योगदान रहा।




