बड़वानी, 26 फरवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
बड़वानी जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए गौरव का क्षण है। भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा संचालित राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS – इन्क्वास) और ‘मुस्कान’ कार्यक्रम के तहत जिला चिकित्सालय बड़वानी का चयन राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए किया गया है। बेहतर इलाज और उच्च स्तरीय प्रबंधन के चलते अस्पताल को नेशनल क्वालिटी सर्टिफिकेट से नवाजा गया है।
इन्क्वास में हासिल किया 90.92 प्रतिशत स्कोर
सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘इन्क्वास’ कार्यक्रम के तहत जनवरी माह में राष्ट्रीय स्तर के दल ने जिला चिकित्सालय का कड़ा निरीक्षण किया था। 29 से 31 जनवरी 2026 तक चले इस मूल्यांकन में अस्पताल की सुविधाओं, मरीजों के विश्वास और इलाज के परिणामों को परखा गया। मानकों पर खरा उतरने के बाद राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र, नई दिल्ली ने अस्पताल को 90.92 प्रतिशत का शानदार ओवरऑल स्कोर प्रदान किया है।
मुस्कान कार्यक्रम: बच्चों को मिल रही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं
शून्य से 14 वर्ष तक के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और बाल-हितैषी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए भारत सरकार की महत्वपूर्ण पहल ‘मुस्कान’ में भी बड़वानी जिला अस्पताल ने बाजी मारी है। राष्ट्रीय दल के निरीक्षण के बाद अस्पताल की बाल रोग सेवाओं को मजबूती प्रदान करने के प्रयासों को सराहा गया और 92.60 प्रतिशत स्कोर के साथ प्रमाण पत्र जारी किया गया। यह पहल नवजात और बाल मृत्यु दर को कम करने में मील का पत्थर साबित हो रही है।
मरीजों का बढ़ा विश्वास
इन राष्ट्रीय प्रमाणपत्रों का मिलना यह दर्शाता है कि बड़वानी जिला चिकित्सालय अब आधुनिक मानकों के अनुरूप सेवाएं दे रहा है। अस्पताल की इस उपलब्धि से न केवल जिले का मान बढ़ा है, बल्कि सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं में जनता का विश्वास भी सुदृढ़ हुआ है। इस सफलता में अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सकों और समस्त नर्सिंग स्टाफ की कड़ी मेहनत का बड़ा योगदान रहा है।






