बड़वानी कोतवाली पुलिस ने कॉलोनियों में शुरू किया जनसंवाद अभियान चोरों पर लगाम कसने के लिए रहवासियों को दिए सुरक्षा के कड़े निर्देश

शेयर करे

बड़वानी, 23 फरवरी 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)

​शहर में पिछले कुछ दिनों से चोरी की बढ़ती वारदातों और संदिग्धों की आहट को देखते हुए बड़वानी कोतवाली पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। थाना प्रभारी बलजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर रहवासियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनता में सुरक्षा का भाव पैदा करना और पुलिस-पब्लिक समन्वय को मजबूत करना है।

सुरक्षा के लिए ‘पुलिस के 6 मंत्र’

​जनसंवाद के दौरान थाना प्रभारी ने रहवासियों को सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए महत्वपूर्ण निर्देश दिए:

  1. डिजिटल सुरक्षा: सुरक्षा के लिहाज से हर घर में अनिवार्य रूप से CCTV कैमरे लगाए जाएं।
  2. निजी चौकीदार: कॉलोनी की सुरक्षा के लिए सामूहिक रूप से रात्रि चौकीदार की व्यवस्था की जाए।
  3. डिजिटल नेटवर्किंग: कॉलोनी का एक व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया जाए, जिसमें संबंधित बीट के पुलिसकर्मियों को भी जोड़ा जाए ताकि सूचना का आदान-प्रदान तुरंत हो सके।
  4. सुनसान मकानों पर ध्यान: लंबे समय के लिए बाहर जाते समय घर में नकदी या आभूषण छोड़कर न जाएं।
  5. पुलिस वेरिफिकेशन: घर में रखे गए किरायेदारों और घरेलू नौकरों की जानकारी थाने पर आवश्यक रूप से दें।
  6. निर्माण कार्यों पर नजर: कॉलोनी में चल रहे निर्माण कार्यों में लगे मजदूरों की जानकारी मकान मालिक या ठेकेदार के माध्यम से पुलिस को उपलब्ध कराएं।

पुलिस का छोटा सा प्रयास, जनता का बड़ा सहयोग

थाना प्रभारी बलजीत सिंह ने कहा कि अपराधों की रोकथाम केवल पुलिस के भरोसे संभव नहीं है, इसमें नागरिकों की जागरूकता भी अत्यंत आवश्यक है। पुलिस द्वारा शुरू किया गया यह जनसंवाद अभियान शहर की अन्य कॉलोनियों में भी सतत जारी रहेगा ताकि चोरी जैसे अपराधों पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।