बड़वानी, 19 फरवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
सर्व महाराष्ट्रीयन समाज द्वारा गुरुवार को हिंदवी स्वराज के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर दशहरा मैदान के समीप सलूजा गार्डन में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम और विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें पूरा नगर ‘जय शिवाजी, जय भवानी’ के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
मराठा साम्राज्य की गौरव गाथा का स्मरण
कार्यक्रम की शुरुआत शिवाजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। मुख्य वक्ता पीयूष मराठा ने शिवाजी महाराज के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने छापामार युद्ध शैली विकसित की और मुगलों के विरुद्ध संघर्ष कर मराठा साम्राज्य की नींव रखी। उन्होंने मराठी और संस्कृत को राजकाज की भाषा बनाकर भारतीय परंपराओं को पुनर्जीवित किया। गजेंद्र सोनाने ने समाज में एकजुटता और शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए जरूरतमंद बच्चों के सहयोग का आह्वान किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
आयोजन के दौरान नन्हे बच्चों ने वीर शिवाजी के जीवन प्रसंगों पर आधारित जीवंत मंचन और आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। समाज की महिलाओं ने पारंपरिक महाराष्ट्रीयन वेशभूषा (नौवारी साड़ी) धारण कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इस वर्ष शोभायात्रा के स्थान पर विशेष सभा और सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसे समाजजनों ने खूब सराहा।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेम सिंह पटेल, लोकसभा सांसद प्रतिनिधि निक्कू चौहान, कमलेश बागुल, पीयूष मराठा, गुलाब सूर्यवंशी, भारत सूर्यवंशी, संगीता लोह, रेणुका सोनाने, आरती सोनाने सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक और महिला-पुरुष बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।







