बड़वानी, 02 मार्च 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
बड़वानी जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक (SP) श्री पद्म विलोचन शुक्ला ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचकर विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया। जिले की कमान संभालते ही उन्होंने कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने और पुलिसिंग को जनता के प्रति संवेदनशील बनाने के संकेत दिए हैं।
फूलों से हुआ भव्य स्वागत
पदभार ग्रहण करने के अवसर पर एसडीओपी बड़वानी श्री दिनेश सिंह चौहान ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नवागत पुलिस अधीक्षक का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक श्री बलजीत सिंह बिसेन सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने नवागत एसपी का परिचय प्राप्त कर उनका अभिवादन किया।
प्रभावी पुलिसिंग के लिए जताई प्रतिबद्धता
पदभार ग्रहण करने के उपरांत नवागत पुलिस अधीक्षक श्री शुक्ला ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। साथ ही उन्होंने आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
नवागत एसपी के आने से जिले में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली में नई ऊर्जा और कसावट आने की उम्मीद जताई जा रही है।






