बड़वानी पुलिस की बड़ी कार्यवाही: अगरबत्ती फैक्ट्री में डकैती डालने वाला अंतरराज्यीय गिरोह बेनकाब, 10 घंटे में महाराष्ट्र से 5 आरोपी गिरफ्तार

शेयर करे

बड़वानी, 04 मार्च 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)

​बड़वानी जिले की सेंधवा ग्रामीण पुलिस ने अंतरराज्यीय अपराधियों के विरुद्ध एक बड़ी और सफल कार्रवाई को अंजाम दिया है। महज 10 घंटे के भीतर पुलिस ने अगरबत्ती फैक्ट्री में डकैती डालने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए महाराष्ट्र के शिरपुर से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नवागत पुलिस अधीक्षक श्री पद्म विलोचन शुक्ल ने आज स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।

फैक्ट्री में आधी रात को दी थी दबिश

​घटना 3 मार्च 2026 की दरमियानी रात करीब 3 से 4 बजे की है। सेंधवा स्थित फ्लोरल अगरबत्ती फैक्ट्री में अज्ञात बदमाशों ने धावा बोला था। आरोपी वहां से करीब 2 क्विंटल चंदन जैसी लकड़ी, 35 किलो सुगंधित तेल, मोबाइल फोन और ₹30,000 नगद लूटकर फरार हो गए थे।

महाराष्ट्र तक पीछा कर दबोचे आरोपी

​एसपी श्री शुक्ल के निर्देशन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और रूट ट्रैकिंग के आधार पर आरोपियों का पीछा किया। महाराष्ट्र की शिरपुर और सांगवी पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर पुणे निवासी फिरोज सैयद, विशाल दामोदर, रमेश करडे, संतोष शिवणकर और श्याम सालुंखे को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से ₹20 लाख मूल्य का मशरूका और वारदात में प्रयुक्त दो कारें (स्विफ्ट व सियाज) जप्त की गई हैं।

एसपी ने स्वयं किया घटनास्थल का मुआयना

​आज दिनांक 04 मार्च को पुलिस अधीक्षक श्री पद्म विलोचन शुक्ल ने सेंधवा ग्रामीण क्षेत्र स्थित घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने फरियादी से विस्तृत चर्चा कर घटना की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने एसडीओपी अजय वाघमारे और थाना प्रभारी ओम प्रकाश चागौड़ को विवेचना के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुदृढ़ रणनीति अपनाई जाएगी।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

​इस त्वरित कार्रवाई में उप निरीक्षक संजीव पाटिल, रोहित पाटीदार, प्रधान आरक्षक मकसूद खान, पंकज पुरोहित, लालसिंह, राकेश और सायबर सेल के योगेश पाटिल की विशेष भूमिका रही।

​बड़वानी पुलिस की इस सशक्त कार्रवाई से अंतरराज्यीय अपराधियों में स्पष्ट संदेश गया है कि जिले में अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।