बड़वानी जिले के सेंधवा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई चाचरिया चौकी पुलिस ने सुलझाई जनरेटर चोरी की गुत्थी

शेयर करे

बड़वानी, 14 फरवरी 2026।

(निमाड़ दस्तक न्यूज़ : ब्यूरो रिपोर्ट)

प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर के निर्देशन में जिला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सेंधवा ग्रामीण थाना क्षेत्र की चाचरिया चौकी पुलिस ने नर्मदा उद्वहन सिंचाई परियोजना के कार्यस्थल से चोरी हुए कीमती जनरेटर के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 13 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।

​निर्माण स्थल से चोरी हुआ था अशोक लेलैंड का जनरेटर

​बीती 24 जनवरी को फरियादी जयदीपसिंह सोलंकी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम चिथरई में सिंचाई परियोजना के कार्यस्थल से उनकी कंपनी का अशोक लेलैंड जनरेटर अज्ञात चोरों ने पार कर दिया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।

​ट्रैक्टर से खींचकर ले गए और पुर्जे-पुर्जे कर दिए अलग

​तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने संदेह के आधार पर पारथीराम, अनिल और मितेष (सभी निवासी ग्राम रामकोला) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने अपने ट्रैक्टर की मदद से जनरेटर चोरी किया था। चोरी के बाद आरोपी उसे सुनसान नाले के पास ले गए और पुर्जे-पुर्जे अलग कर दिए ताकि उन्हें आसानी से ठिकाने लगाया जा सके।

​13 लाख का सामान बरामद

​पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया इंजन, आर्मेचर, रिएक्टर, बॉडी चेचिस, केबल वायर और अन्य पुर्जे बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 7 लाख रुपये है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल किया गया 6 लाख रुपये का ट्रैक्टर भी जब्त किया गया है।

​इन अधिकारियों की रही सराहनीय भूमिका

​इस मामले का खुलासा करने में थाना प्रभारी सेंधवा ग्रामीण श्री ओ.पी. चौगड़े, चौकी प्रभारी चाचरिया सउनि केशव यादव, सउनि राकेश मंडलोई, प्र.आर. योगेश पाटील (तकनीकी शाखा) सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।