आलीराजपुर पुलिस का बड़ा खुलासा: प्रेम प्रसंग के चलते हुई थी युवक की हत्या, 24 घंटे में महिला समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

शेयर करे

आलीराजपुर, 17 फरवरी 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी: ब्यूरो रिपोर्ट)

​थाना आंबुआ पुलिस ने तत्परता और सूक्ष्म अनुसंधान के जरिए ग्राम सेमलाया में हुए अंधे कत्ल का पर्दाफाश करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महज 24 घंटों के भीतर कार्रवाई करते हुए जघन्य हत्या में शामिल एक महिला और एक बाल अपचारी सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

रक्त से सनी पोटली ने खोला राज

​घटना का खुलासा 15 फरवरी को हुआ, जब पुलिस को ग्राम सेमलाया के कच्चे रास्ते पर एक संदिग्ध पोटली मिलने की सूचना मिली, जिससे रक्त रिस रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जब पोटली खोली, तो उसमें एक पुरुष का शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान दुलेसिंह चौहान (30 वर्ष) निवासी मोटा उमर के रूप में हुई। आरोपियों ने साक्ष्य छुपाने के लिए शव को प्लास्टिक की पल्ली में बांधकर सुनसान जगह फेंक दिया था।

साजिश और कत्ल की वजह

​पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने जब मामले की जांच की, तो परतें खुलती चली गईं। जांच में सामने आया कि मृतक दुलेसिंह का मुख्य आरोपी जांगू की पत्नी के साथ प्रेम प्रसंग था। इसी रंजिश के चलते 14 फरवरी की रात आरोपियों ने षड्यंत्र रचकर दुलेसिंह को सुनसान स्थान पर बुलाया और सीमेंट की ईंटों से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।

पकड़े गए आरोपी

​पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की मदद से घेराबंदी कर निम्नलिखित आरोपियों को दबोचा:

  1. जांगू देवका (40 वर्ष), निवासी सेमलाया
  2. उर्मिला देवका (36 वर्ष), निवासी सेमलाया
  3. दीतु देवका (23 वर्ष), निवासी सेमलाया
  4. प्यार सिंह चौहान (24 वर्ष), निवासी जिला धार
  5. एक बाल अपचारी

पुलिस टीम की सराहना

इस अंधे कत्ल के खुलासे में थाना प्रभारी मोहन डावर और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।