सोंडवा पुलिस का बड़ा खुलासा: लूट की कहानी निकली झूठी, फरियादी और ड्राइवर ही निकले मास्टरमाइंड

शेयर करे

आलीराजपुर, 13 अप्रैल 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​आलीराजपुर जिले की सोंडवा पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए कथित लूट की साजिश का पर्दाफाश किया है। पुलिस की जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि जिस व्यक्ति ने लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, उसने अपने ड्राइवर के साथ मिलकर स्वयं ही लूट का झूठा षड्यंत्र रचा था ताकि गाड़ी में भरा कीमती माल ठिकाने लगाया जा सके।

फिल्मी अंदाज में रचा गया था लूट का नाटक

​एएसपी प्रदीप पटेल ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 26 मार्च को देवास निवासी इकबाल शाह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि लोढनी घाटी के पास बदमाशों ने चाकू की नोक पर उससे और उसके ड्राइवर से 20 हजार नगद, मोबाइल और कीमती पान मसाले के कार्टून लूट लिए। घटना को असली दिखाने के लिए ड्राइवर रवि जिला अस्पताल में भर्ती हो गया और फरियादी इकबाल ने जंगल में बेहोश होने का नाटक किया।

बयानों के विरोधाभास और साइबर सेल ने खोली पोल

​मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी रघुवंशसिंह भदौरिया के निर्देशन में टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान जब पुलिस ने फरियादी और ड्राइवर से अलग-अलग पूछताछ की, तो उनके बयानों में काफी अंतर मिला। इसके बाद साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्यों का मिलान किया गया, जिससे स्पष्ट हो गया कि घटनास्थल पर लूट की कोई वारदात हुई ही नहीं थी।

कर्ज और पुराने केस के कारण रची साजिश

​सख्ती से की गई मनोवैज्ञानिक पूछताछ में ड्राइवर रवि टूट गया। उसने कुबूल किया कि उस पर पुराने कोर्ट केस चल रहे थे और उसे रुपयों की सख्त जरूरत थी। उसने इकबाल और उज्जैन के अपने अन्य साथियों—समीर पटेल, शाहरुख और हर्षु के साथ मिलकर यह योजना बनाई। योजना के मुताबिक, उनके साथी अर्टिगा कार से आए और ट्रक से माल के 6 बॉक्स, नगदी और मोबाइल ले गए ताकि इसे वास्तविक लूट दिखाया जा सके।

पुलिस की कार्रवाई और जप्ती

​पुलिस ने इस मामले में अब तक 4 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से निम्नलिखित मशरूका बरामद किया गया है:

  • नकदी: 12,000 रुपये नगद।
  • सामग्री: पान मसाले के 3 कीमती बॉक्स।
  • वाहन: घटना में प्रयुक्त सफेद अर्टिगा कार (MP-13-ZF-1326)।
  • फरार आरोपी: एक अन्य आरोपी शाहरुख (निवासी उज्जैन) की तलाश जारी है।

​इस बड़ी सफलता में सोंडवा थाना प्रभारी राजाराम बडोले, चौकी प्रभारी सचिन डावर और साइबर सेल की टीम की मुख्य भूमिका रही।