बड़वानी, 18 फरवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बड़वानी में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण हेतु एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. वीणा सत्य के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने तनाव प्रबंधन और विद्यार्थी जीवन की चुनौतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
तनाव प्रबंधन और सोशल मीडिया के प्रभाव पर चर्चा
मुख्य वक्ता प्रोफेसर अविनाश वानखेड़े ने पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया कि वर्तमान परिपेक्ष में मानसिक स्वास्थ्य एक गंभीर मुद्दा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह हम शारीरिक स्वास्थ्य का ध्यान रखते हैं, उसी प्रकार मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी अनिवार्य है। वहीं, आइक्यूएसी सेल की प्रभारी डॉ. आशा साखी गुप्ता ने कहा कि सोशल मीडिया के कारण विद्यार्थियों में अकेलापन और अलगाव बढ़ रहा है, जो तनाव का मुख्य कारण है। उन्होंने विद्यार्थियों को समूह में रहने और संवाद करने की सलाह दी।
खुश रहना और मन की शांति सबसे बड़ी चुनौती
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रभारी प्राचार्य डॉ. के.एस. बघेल ने संबोधित करते हुए कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में खुश रहना और मन को शांत रखना एक बड़ी चुनौती बन गई है। मानसिक स्वास्थ्य बिगड़ने से इंसान की कार्यकुशलता प्रभावित होती है, जबकि स्वस्थ मन ही सुंदर जीवन का आधार है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. इंदिरा परमार ने किया और आभार प्रदर्शन डॉ. सुनीता सोलंकी द्वारा किया गया।
प्रतियोगिताओं के माध्यम से दी सीख
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इसमें आरती धनगर, बबीता मुलेवा ने स्लोगन निर्माण, शिवानी बड़ोले ने पोस्टर निर्माण और पूजा भूरिया, लक्ष्मी तोमर व सुरभि भवसार ने कविता वाचन के जरिए मानसिक स्वास्थ्य का संदेश दिया। रितिका मालवीय और सावन पाटीदार ने मानसिक स्वास्थ्य सुधारने के उपायों पर अपने विचार साझा किए।





