हिंदू संगठनों के नाम पर फर्जी चंदा वसूली का मामला, पुलिस से अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग

शेयर करे

बड़वानी, 05 जनवरी 2026।

​बड़वानी में जागृत हिंदू मंच एवं अन्य हिंदू संगठनों के नाम पर अवैध रूप से चंदा वसूलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने सोमवार को बड़वानी नगर पुलिस थाना पहुंचकर नगर निरीक्षक श्री दिनेश कुशवाह को एक शिकायत सौंपी और फर्जीवाड़ा करने वाले अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की।

​संगठनों की छवि खराब करने की कोशिश

​प्रतिनिधिमंडल ने नगर निरीक्षक को जानकारी देते हुए बताया कि कुछ अज्ञात व्यक्ति विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन का हवाला देकर जागृत हिंदू मंच व अन्य संगठनों का नाम लेकर आमजन से अवैध चंदा मांग रहे हैं। पदाधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार की गतिविधियों से संगठनों की छवि धूमिल हो रही है और जनता के साथ धोखाधड़ी की जा रही है। उन्होंने पुलिस से मांग की कि ऐसे व्यक्तियों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाए।

​पुलिस ने दिया आश्वासन

​नगर निरीक्षक श्री दिनेश कुशवाह ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि इस मामले की गहनता से जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस नियमानुसार आवश्यक कदम उठाएगी और फर्जी तरीके से चंदा मांगने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

​प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल

​थाने में शिकायत दर्ज कराते समय जागृत हिंदू मंच की ओर से मुख्य रूप से सर्वश्री कृष्णा गोले, राजेश राठौड़, दीपक जेमन, भगवती प्रसाद सोनी एवं राहुल चौहान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।