नागलवाड़ी में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किए बाबा भीलटदेव के दर्शन, ‘अस्थाई मंत्रालय’ में शुरू हुई प्रदेश की पहली कृषि कैबिनेट

शेयर करे

बड़वानी, 02 मार्च 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)

​मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार सुबह 10.30 बजे बड़वानी जिले के नागलवाड़ी शिखरधाम पहुँचे। प्रदेश की पहली ऐतिहासिक ‘कृषि कैबिनेट’ में शामिल होने आए मुख्यमंत्री का हेलीपैड पर भव्य और पारंपरिक स्वागत किया गया। बैठक की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों ने मालवा-निमाड़ के लोकदेवता बाबा भीलटदेव के मंदिर पहुँचकर विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

8 एकड़ में बना अस्थाई मंत्रालय, आधुनिक सुविधाओं से लैस

​नागलवाड़ी भिलटदेव परिसर की तलहटी में स्थित 8 एकड़ के गार्डन को ‘अस्थाई मंत्रालय’ का स्वरूप दिया गया है। यहाँ कृषि कैबिनेट के लिए विशेष एयर कंडीशनर शेड तैयार किए गए हैं, जिसमें कैबिनेट हॉल, ग्रीन रूम, कृषि आधारित प्रदर्शनी और विशाल भोजनशाला बनाई गई है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में शुरू हुई इस बैठक में किसानों के हित में कई क्रांतिकारी निर्णय लिए जाने की संभावना है।

किसानों ने रखी अपनी मांगें, सांसद को सौंपा ज्ञापन

​मुख्यमंत्री के आगमन पर भारतीय किसान संघ ने क्षेत्र के किसानों की प्रमुख समस्याओं और मांगों को लेकर सांसद के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। किसान संघ के जिला अध्यक्ष ने जिले में एक बड़ी कृषि मंडी की स्थापना, ड्रिप एरिगेशन (टपक सिंचाई) को बढ़ावा देने और सेंधवा-निवाली लिफ्ट इरीगेशन योजना के विस्तार की पुरजोर मांग रखी है।

जनसंवाद और भगोरिया में होंगे शामिल

​निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, कैबिनेट बैठक के समापन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव स्थानीय जनजातीय समुदाय और प्रबुद्धजनों से सीधा संवाद करेंगे। इसके उपरांत, मुख्यमंत्री और पूरा मंत्रिमंडल जुलवानिया के प्रसिद्ध भगोरिया हाट में शामिल होकर जनजातीय संस्कृति और उत्सव का आनंद लेंगे।

​प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं और पूरे नागलवाड़ी क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।