आलीराजपुर, 27 फरवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी: ब्यूरो रिपोर्ट)
आदिवासी लोक संस्कृति के सबसे बड़े उत्सव ‘भगोरिया’ का रंग अब गहराने लगा है। गुरुवार को आलीराजपुर जिले के जोबट, सोंड़वा और फूलमाल में आयोजित भगोरिया हाट में जनसैलाब उमड़ पड़ा। पारंपरिक वेशभूषा में सजे ग्रामीणों ने ढोल-मांदल की थाप और बांसुरी की मधुर धुन पर जमकर नृत्य किया। प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच जिले का तीसरा भगोरिया हाट शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
जोबट में नेताओं ने भी जमाया रंग
जोबट के भगोरिया मेले में राजनीति के दिग्गज भी लोक संस्कृति के रंग में रंगे नजर आए। पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, विधायक सेना पटेल और आदिवासी नेता महेश पटेल ने विशाल गैर निकाली। ढोल-मांदल की थाप पर पटेल दंपत्ति को थिरकते देख ग्रामीणों का उत्साह दोगुना हो गया। वहीं, क्षेत्रीय सांसद अनिता नागरसिंह चौहान और भाजपा जिलाध्यक्ष मकु परवाल ने भी समर्थकों के साथ मेले में शिरकत की और ग्रामीणों को पर्व की शुभकामनाएं दीं। भील संगठन के प्रमुख शंकर बामनिया ने भी समाजजन के साथ गैर निकालकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
आकर्षण का केंद्र बने ‘ड्रेस कोड’ वाले समूह
मेले में इस बार नवाचार देखने को मिला, जहाँ ग्रामीण क्षेत्रों से आई युवाओं की कई टोलियां एक जैसे ‘ड्रेस कोड’ और रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में नजर आईं। मेले के मैदान में लगे बड़े झूलों, चकरी और बर्फ-गोले का बच्चों व युवाओं ने जमकर लुत्फ उठाया। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की मौजूदगी और कलेक्टर नीतू माथुर व एसपी रघुवंश सिंह की निगरानी के कारण सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रही।
आज मुख्यमंत्री डॉ. यादव का उदयगढ़ आगमन
जिले में आज शुक्रवार को वालपुर, कठिवाडा और उदयगढ़ में भगोरिया का आयोजन होगा। सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम उदयगढ़ में होने जा रहा है, जहाँ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।







