मुख्यमंत्री का बड़ा ऐलान: चंद्रशेखर आजाद नगर में बनेगा भव्य ‘आजाद पार्क’, 171 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात

शेयर करे

अलीराजपुर, 27 फरवरी 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी : ब्यूरो रिपोर्ट)

​क्रांति शिरोमणि अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद के 95वें बलिदान दिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को आलीराजपुर जिले के भाबरा (चंद्रशेखर आजाद नगर) पहुंचे। वीरभूमि को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक स्थल को देश-विदेश के लिए प्रेरणा केंद्र बनाने हेतु यहाँ भव्य ‘आजाद पार्क’ स्थापित करने की महत्वपूर्ण घोषणा की।

आजाद की जन्मभूमि राष्ट्रभक्ति का प्रतीक

​मुख्यमंत्री ने आजाद कुटिया में श्रद्धासुमन अर्पित किए और शहीद के जीवन से जुड़ी दुर्लभ तस्वीरों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि संस्कृति विभाग के माध्यम से इस स्थान को आकर्षक और दर्शनीय स्वरूप दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि मात्र 15 वर्ष की आयु में मजिस्ट्रेट के सामने खुद का नाम ‘आजाद’ और घर ‘जेल’ बताने वाले चंद्रशेखर आजाद का साहस अद्वितीय था।

171.19 करोड़ रुपये के कार्यों का उपहार

​मुख्यमंत्री ने जिले की प्रगति के लिए 171.19 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसमें:

  • लोकार्पण: 79.92 करोड़ रुपये लागत के 14 कार्य (खंडाला में सांदीपनि विद्यालय, उच्च स्तरीय पुल आदि)।
  • भूमिपूजन: 119.02 करोड़ रुपये लागत के 35 नवीन कार्य।
  • सड़कों की घोषणा: जिले के विभिन्न विकासखंडों में लगभग 35 किलोमीटर लंबी नई ग्रामीण संपर्क सड़कों के निर्माण का ऐलान किया।

नर्मदा पाइपलाइन और शिक्षा पर जोर

​डॉ. यादव ने बताया कि जिले में किसानों की सिंचाई के लिए 1800 करोड़ रुपये की नर्मदा पाइपलाइन परियोजना का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने खंडाला में नवनिर्मित सांदीपनि विद्यालय को क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए आधुनिक शिक्षा का बड़ा केंद्र बताया। मुख्यमंत्री ने जनजातीय नायकों के सम्मान में खरगोन में स्थापित ‘क्रांति सूर्य टंट्या मामा विश्वविद्यालय’ का भी उल्लेख किया।

हितग्राहियों को बांटे हितलाभ

​कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया:

  • ​आजीविका मिशन के तहत 75 स्व-सहायता समूहों को 4.11 करोड़ रुपये का बैंक ऋण।
  • ​मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में युवाओं को स्वरोजगार हेतु ऋण राशि।
  • ​कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की योजनाओं के तहत ड्रिप सिंचाई और खाद्य प्रसंस्करण के लिए अनुदान।

मंच पर गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर प्रदेश के अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागरसिंह चौहान, क्षेत्रीय सांसद अनीता नागरसिंह चौहान, पूर्व विधायक माधोसिंह डावर, युवा नेता विशाल रावत सहित प्रशासनिक अधिकारी और हजारों की संख्या में जनजातीय समाज के लोग उपस्थित थे।