बड़वानी के दशहरा मैदान स्कूल में कलेक्टर जयति सिंह ने बच्चों को बांटी स्वेटर, आनंद मेला संचालक ने किया सहयोग

शेयर करे

बड़वानी, 31 दिसम्बर 2025

​बड़वानी के शासकीय माध्यमिक विद्यालय दशहरा मैदान में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह द्वारा विद्यालय के 170 छात्र-छात्राओं को स्वेटर वितरित किए गए। कड़ाके की ठंड को देखते हुए बच्चों को यह राहत प्रदान की गई है।

जनसहयोग से हुआ स्वेटर का वितरण

छात्रों को वितरित किए गए ये स्वेटर आनंद मेले के संचालक नरेश लश्करी (पिंटू) के विशेष सहयोग से उपलब्ध कराए गए। इस अवसर पर कलेक्टर ने सामाजिक सरोकार के इस कार्य की सराहना की और बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित किया।

जनभागीदारी से संवरा विद्यालय का स्वरूप

विद्यालय की प्रधान पाठक श्रीमती हेमलता शर्मा के प्रयासों और जनभागीदारी के माध्यम से स्कूल का कायाकल्प किया गया है। वर्तमान में स्कूल परिसर में बाउंड्रीवाल, पेवर ब्लॉक वर्क और नए हॉल का निर्माण कराया गया है। साथ ही, बच्चों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आईडीबीआई (IDBI) बैंक के सहयोग से आरओ प्लांट भी स्थापित किया गया है, जो विद्यालय की सुविधाओं में महत्वपूर्ण वृद्धि है।

कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति

स्वेटर वितरण कार्यक्रम के दौरान संकुल प्राचार्य करुणा बेस, बीआरसी सुनीता मोरे, लायंस क्लब के प्रतिनिधि तथा विद्यालय का समस्त शिक्षक स्टाफ मौजूद रहा। सभी ने विद्यालय के विकास और छात्र हित में किए जा रहे इन प्रयासों की प्रशंसा की।