आलीराजपुर में केबिनेट मंत्री विजयवर्गीय के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल। सिनेमा चौराहे पर नारेबाजी कर जताया कड़ा विरोध।

शेयर करे

आलीराजपुर, 21 फरवरी 2026।

(निमाड़ दस्तक न्यूज़ : रफीक कुरैशी ब्यूरो रिपोर्ट)

आलीराजपुर। मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के विरुद्ध की गई अपमानजनक टिप्पणी का मामला अब सड़कों पर आ गया है। प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर शनिवार को आलीराजपुर के सिनेमा चौराहे पर कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

​”औकात” शब्द पर भड़के महेश पटेल, बर्खास्तगी की मांग

​मप्र आदिवासी विकास परिषद के उपाध्यक्ष महेश पटेल ने मंत्री विजयवर्गीय के आचरण पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे देश के पूरे आदिवासी समाज का अपमान करार दिया। पटेल ने तीखे शब्दों में कहा कि सत्ता के मद में भाजपा के मंत्री बेलगाम हो गए हैं। उन्होंने कहा कि एक संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को “औकात” जैसे शब्दों का इस्तेमाल शोभा नहीं देता। पटेल ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि ऐसे अहंकारी मंत्री को तत्काल पद से बर्खास्त किया जाए।

​इंदौर की घटना और पत्रकारों के प्रति व्यवहार पर उठाए सवाल

​विरोध प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कहा कि इंदौर में दूषित पानी से हुई 35 मौतों के गंभीर मुद्दे पर जवाब देने के बजाय मंत्री का व्यवहार नेताओं और पत्रकारों के प्रति बेहद आपत्तिजनक रहा है। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओमप्रकाश राठौर ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के खिलाफ की गई अमर्यादित टिप्पणी से पूरा आदिवासी समाज और कांग्रेस कार्यकर्ता आहत हैं, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

​बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

​सिनेमा चौराहे पर हुए इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने हाथों में पार्टी के झंडे लेकर नारेबाजी की। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश पचाया, वरिष्ठ नेता राजेंद्र टवली, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चितल पँवार, आईटी सेल के मनीष चौहान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।