बड़वानी, 24 फरवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
डिजिटल युग की चुनौतियों और सामाजिक कुरीतियों से निपटने के लिए बड़वानी पुलिस ने एक बड़ा मोर्चा खोला है। प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर के मार्गदर्शन में जिले भर में ‘साइबर सुरक्षा एवं सामुदायिक जागरूकता’ अभियान चलाया जा रहा है। विशेष रूप से पारंपरिक भगोरिया हाटों में पहुँचकर पुलिस टीमें ग्रामीणों को जागरूक कर रही हैं, ताकि वे डिजिटल ठगी का शिकार न हों और सामाजिक बुराइयों से दूर रहें।
ठगी से बचाव के लिए 1930 हेल्पलाइन का संदेश
हाट-बाजारों में उमड़ी भीड़ के बीच पुलिस ने बैनर और पंपलेट के जरिए ग्रामीणों, विशेषकर युवाओं को ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के गुर सिखाए। पुलिस ने बताया कि यूपीआई पिन, ओटीपी या कोई भी अनजान लिंक आपकी जमा पूंजी को खतरे में डाल सकता है। संवाद के दौरान राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया गया, ताकि ठगी होने पर नागरिक तुरंत शिकायत दर्ज करा सकें।
नशाखोरी और बाल विवाह के खिलाफ हुंकार
साइबर सुरक्षा के साथ-साथ पुलिस का यह मिशन सामाजिक सुधार पर भी केंद्रित है। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर नशाखोरी और बाल विवाह जैसी कुरीतियों को जड़ से खत्म करने की अपील की। “नशे से दूरी है जरूरी” और “सुरक्षित समाज” के संदेश के साथ ग्रामीणों को प्रेरित किया गया कि वे अपने बच्चों को शिक्षा से जोड़ें और कानून का पालन करें। साथ ही, समाज में प्रचलित ‘भांजगड़ी’ जैसी प्रथाओं के विरुद्ध भी समझाइश दी गई।
महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान
अभियान के दौरान छात्राओं और महिलाओं के लिए विशेष सत्र आयोजित किए गए। उन्हें साइबर स्टॉकिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल और डिजिटल ब्लैकमेलिंग से बचने के तरीके बताए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाने या हेल्पलाइन नंबर पर दें।







