धार, 03 मार्च 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (जय खत्री: ब्यूरो रिपोर्ट)
धरमपुरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री कालू सिंह ठाकुर ने होली के पावन पर्व पर सभी क्षेत्रवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी है। विधायक ठाकुर ने अपने संदेश में कहा कि होली का त्योहार रंगोत्सव, भाईचारे और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने वाला पर्व है। यह बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है, जो हमें अधर्म के अंत और प्रेम के प्रसार का संदेश देता है।
भगोरिया में शामिल न होने पर जताया खेद
विधायक श्री ठाकुर ने भारी मन से आदिवासी समाज के प्रसिद्ध लोक पर्व भगोरिया में शामिल नहीं हो पाने पर गहरा खेद व्यक्त किया है। उन्होंने समाज जनों को आश्वस्त किया कि अगले वर्ष प्रत्येक भगोरिया पर्व को ऐतिहासिक रूप से मनाया जाएगा और वे स्वयं जन-जन के बीच उपस्थित रहेंगे।
सुरक्षा कारणों से भोपाल में रहकर बना रहे विकास की रूपरेखा
विधायक प्रतिनिधि नीलेश माहेश्वरी ने जानकारी देते हुए बताया कि हाल के कुछ घटनाक्रमों को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से विधायक जी ने सार्वजनिक स्थानों से दूरी बनाई है, ताकि उनकी छवि और सुरक्षा को कोई नुकसान न पहुँचे। इसी कारण इस बार होली के अवसर पर वे भोपाल में रहकर विधानसभा के विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार कर रहे हैं।
अधूरे कार्यों को पूर्ण करने की प्रतिबद्धता
विधायक कार्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि शीघ्र ही पूरी विधानसभा की हर पंचायत और नगर में अधूरे पड़े कार्यों का संज्ञान लिया जाएगा। समस्याओं के निराकरण के लिए जल्द ही बैठकों का दौर प्रारंभ होगा, ताकि धरमपुरी विधानसभा के विकास को नई गति मिल सके।





