बड़वानी, 19 फरवरी 2026।
(निमाड़ दस्तक न्यूज़ : ब्यूरो रिपोर्ट)
बड़वानी। भारत सरकार द्वारा दिव्यांग बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं के अंतर्गत जिले में उपकरण वितरण अभियान की शुरुआत की गई है। इसी कड़ी में बुधवार को बड़वानी के सी.डब्लू.एस.एन. (CWSN) छात्रावास में प्रथम दिव्यांग शिविर का आयोजन किया गया, जहाँ एलिम्को संस्था के माध्यम से पूर्व में चिन्हित किए गए बच्चों को सहायक उपकरण वितरित किए गए।
42 बच्चों को वितरित किए गए सहायक उपकरण
शिविर के दौरान चयनित 50 बच्चों में से 42 बच्चों को उनकी आवश्यकतानुसार उपकरणों का वितरण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा समिति की अध्यक्ष श्रीमती सुमन वर्मा ने की। विशेष अतिथि के रूप में जनपद शिक्षा समिति अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री भूपेंद्र गोयल उपस्थित रहे। इन उपकरणों के मिलने से दिव्यांग बच्चों को अपनी दैनिक गतिविधियों और शिक्षा में काफी सुगमता होगी।
अधिकारियों और विशेषज्ञों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर जिला परियोजना समन्वयक श्री अशरफ खान, सहायक परियोजना समन्वयक (आईडी) श्रीमती रत्न प्रभा जोशी, बीआरसीसी बड़वानी श्रीमती सुनीता रावत के साथ ही डॉक्टर रोहित त्रिवेदी और डॉक्टर गुलशन गुप्ता विशेष रूप से मौजूद रहे। शिविर में बच्चों के अभिभावकों के साथ जन शिक्षक और प्रधान पाठक भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
गरिमामय रहा कार्यक्रम
कार्यक्रम का सफल संचालन बीएसी श्री सुनील मुकाती द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन श्रीमती सुनीता मोरे ने माना। इस दौरान एमआरसी श्री दिनेश निरवेल, श्री रामेश्वर बड़ोले सहित विभाग का अन्य स्टाफ मौजूद रहा। अधिकारियों ने बताया कि जिले के अन्य विकासखंडों में भी इसी प्रकार मूल्यांकित बच्चों को उपकरणों का वितरण किया जाएगा ताकि हर दिव्यांग बच्चे तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँच सके।





