बड़वानी, 07 जनवरी 2026।
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री महेंद्र जैन के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में साप्ताहिक जन जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शासकीय कन्या हाई स्कूल बड़वानी में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति सचेत किया गया।
नशे की लत समाज को करती है खोखला
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव न्यायाधीश अमूल मंडलोई ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा एक ऐसा जहर है, जो न केवल व्यक्ति को शारीरिक रूप से नष्ट करता है, बल्कि पूरे समाज को प्रभावित करता है। नशे के कारण व्यक्ति की पारिवारिक, सामाजिक और मानसिक स्थिति पूरी तरह बिखर जाती है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि नशे से मुक्ति पाने के लिए सबसे महत्वपूर्ण ‘आत्म प्रेरणा’ और ‘दृढ़ इच्छाशक्ति’ है।
स्वस्थ समाज के लिए युवाओं का जागरूक होना जरूरी
जिला विधिक सहायता अधिकारी रॉबिन दयाल ने इस अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारा मुख्य लक्ष्य समाज को नशा मुक्त बनाना और युवाओं को नशीली दवाओं के जाल से बचाना है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का यह प्रयास युवाओं के सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक सशक्त कदम है, ताकि एक स्वस्थ और जागरूक समाज का निर्माण हो सके।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती रचना पुरोहित, ‘आस’ संस्था से संजय आर्य, विद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने समाज को नशा मुक्त बनाने में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।





