सांसद गजेंद्र सिंह पटेल के प्रयासों से बड़वानी को मिली 2068 करोड़ की सिंचाई सौगात, पलायन पर लगेगा प्रभावी अंकुश

शेयर करे

बड़वानी, 03 मार्च 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)

​बड़वानी जिले के नागलवाड़ी में आयोजित प्रदेश की पहली ऐतिहासिक ‘कृषि कैबिनेट’ में लिए गए निर्णयों को लोकसभा सांसद श्री गजेंद्र सिंह पटेल ने क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर बताया है। सांसद पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक से निमाड़ के कृषि परिदृश्य में क्रांतिकारी बदलाव आएगा और स्थानीय स्तर पर कृषि अवसर बढ़ने से पलायन की समस्या का स्थायी समाधान होगा।

सांसद के प्रयासों से वरला और पानसेमल को मिली बड़ी स्वीकृति

​सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने जानकारी दी कि उन्होंने 11 नवम्बर 2025 को मुख्यमंत्री को पत्र प्रेषित कर पानसेमल एवं वरला माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजनाओं को स्वीकृति देने का विशेष आग्रह किया था। उनके निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप अब:

  • पानसेमल परियोजना: ₹1207.44 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है।
  • वरला परियोजना: ₹860.53 करोड़ की राशि मंजूर की गई है। इन दोनों योजनाओं से जिले के लगभग 88 ग्राम सीधे लाभान्वित होंगे, जिससे जनजातीय अंचल में सिंचाई सुविधाओं का व्यापक विस्तार होगा।

मंडी और पर्यटन का भी होगा कायाकल्प

​कैबिनेट में बड़वानी में आधुनिक नवीन कृषि उपज मंडी की स्थापना और खेतिया मंडी को ‘आदर्श मंडी’ के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा, भीलटदेव क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में संवारा जाएगा। सांसद ने कहा कि इन निर्णयों से क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

निमाड़ के लिए ₹27,746 करोड़ का ‘सुरक्षा कवच’

सांसद पटेल ने बताया कि संसदीय क्षेत्र खरगोन-बड़वानी सहित पूरे निमाड़ और प्रदेश के लिए कुल ₹27,746 करोड़ की 16 प्रमुख योजनाओं को मंजूरी दी गई है। इसमें नर्मदा घाटी विकास, पशुपालन, उद्यानिकी और सहकारिता से जुड़े किसान हितैषी प्रस्ताव शामिल हैं। उन्होंने समस्त किसान बंधुओं की ओर से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि निमाड़ अब कृषि समृद्धि के नए आयाम स्थापित करेगा।