बड़वानी, 02 मार्च 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
बड़वानी जिले के नागलवाड़ी में ऐतिहासिक कृषि कैबिनेट बैठक के समापन के बाद प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर एक्शन मोड में नजर आए। सोमवार अपराह्न उन्होंने जिले के तीन प्रमुख 33/11 केवी विद्युत ग्रिडों का औचक निरीक्षण किया और क्षेत्र की विद्युत व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
राजपुर और तलवाड़ा डेब में जांची व्यवस्थाएं
ऊर्जा मंत्री ने राजपुर स्थित 33/11 केवी ग्रिड का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक नागरिक को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उपकेंद्र के सुदृढ़ीकरण से राजपुर नगर परिषद क्षेत्र में न केवल बिजली आपूर्ति की क्षमता बढ़ेगी, बल्कि वोल्टेज की समस्या का भी स्थायी समाधान होगा। इसके बाद उन्होंने सिवई में आरडीएसएस योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन नए ग्रिड और तलवाड़ा डेब के पास सुराना स्थित ग्रिड का भी जायजा लिया।
गुणवत्ता से समझौता नहीं: समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान श्री तोमर ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि सभी तकनीकी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण होने चाहिए और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सिवई और सुराना ग्रिड के गुणवत्ता परीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश भी प्रदान किए।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस निरीक्षण के दौरान ऊर्जा मंत्री के साथ मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के मुख्य अभियंता श्री आर.सी. जैन, अधीक्षण अभियंता श्री अरविंद सिंह और श्री एस.आर. खरते सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित थे।
ऊर्जा मंत्री के इस औचक निरीक्षण से जिले के विद्युत विभाग के अधिकारियों में हड़कंप की स्थिति रही, वहीं उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति की उम्मीद जगी है।






