अलीराजपुर (आज़ाद नगर), 21 फरवरी 2026।
(निमाड़ दस्तक न्यूज़ : रफीक कुरैशी ब्यूरो रिपोर्ट)
अलीराजपुर। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के विरुद्ध की गई टिप्पणी का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को जिले के चंद्रशेखर आज़ाद नगर में ब्लॉक युवक कांग्रेस ने कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उग्र प्रदर्शन किया। ब्लॉक अध्यक्ष विनय वसुनिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मंत्री का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
आदिवासी अस्मिता और लोकतंत्र का अपमान: युवक कांग्रेस
प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष विनय वसुनिया ने संबोधित करते हुए कहा कि मंत्री द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी केवल एक व्यक्ति या पद का अपमान नहीं है, बल्कि यह पूरे आदिवासी समाज और प्रदेश की जनता की भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाला कृत्य है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जनता की आवाज़ होते हैं और उनका अपमान करना लोकतांत्रिक मूल्यों का गला घोंटने जैसा है।
”अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” के नारों से गूंजा क्षेत्र
पुतला दहन के दौरान युवाओं में भारी आक्रोश देखा गया। कार्यकर्ताओं ने “नेता प्रतिपक्ष का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” और “आदिवासी समाज का अपमान बंद करो” जैसे नारे लगाकर अपना विरोध जताया। युवक कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि भाजपा सरकार अहंकार में चूर होकर विपक्ष की आवाज़ दबाने का प्रयास कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सार्वजनिक माफी की मांग, आंदोलन की चेतावनी
युवक कांग्रेस ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से तत्काल सार्वजनिक माफी की मांग की है। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र माफी नहीं मांगी गई, तो इस आंदोलन को जिला और प्रदेश स्तर तक और भी उग्र रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में युवक कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





