आलीराजपुर, 09 अप्रैल 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार की कथित किसान विरोधी नीतियों के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहर में जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर महामहिम राज्यपाल के नाम कलेक्टर प्रतिनिधि एवं एसडीएम तपीष पांडे को ज्ञापन सौंपा।
गेहूँ उपार्जन और ऋण वसूली से परेशान किसान
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया है। नेताओं ने बताया कि गेहूं उपार्जन की तिथि बार-बार आगे बढ़ाए जाने (23 मार्च, 1 अप्रैल, 10 अप्रैल और अब 15 अप्रैल) से किसान अपनी फसल बेचने के लिए भटक रहे हैं। वहीं, ऋण वसूली की अंतिम तिथि 31 मार्च होने के कारण लगभग 50% किसान डिफॉल्टर घोषित हो चुके हैं। कांग्रेस ने मांग की है कि ऋण जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 अप्रैल की जाए, ताकि किसानों को अतिरिक्त ब्याज के बोझ से मुक्ति मिल सके। साथ ही, राजस्थान की तर्ज पर समर्थन मूल्य पर सुचारू खरीदी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
गैस वितरण की समस्या पर भी उठाई आवाज
प्रदर्शन के दौरान केवल किसानों के मुद्दे ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों की परेशानी भी प्रमुखता से उठाई गई। कांग्रेस ने नगर में गैस वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग करते हुए कहा कि वर्तमान में मनोरमा गैस एजेंसी पर लगभग 20 हजार उपभोक्ताओं का भारी दबाव है। इस कारण उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं और कई बुकिंग महीनों से लंबित हैं। कांग्रेस ने नगर में एक और नई गैस एजेंसी खोलने और वरिष्ठ नागरिकों के लिए होम डिलीवरी की सुविधा अनिवार्य करने की मांग की है।
प्रदर्शन में इनकी रही उपस्थिति
आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओमप्रकाश राठौर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश पचाया, राजेंद्र टवली, सुरेश सारडा, साहनी मकरानी, कैलाश चौहान, प्रकाश बघेल, बालगिरी भाई और मुकेश अखाड़िया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




