बड़वानी, 28 मार्च 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️
बड़वानी जिले के निवाली नगर में श्री राम जन्मोत्सव का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर निकली भव्य शोभायात्रा के दौरान नगर में हिंदू-मुस्लिम एकता की एक अद्भुत और मिसाल कायम करने वाली तस्वीर देखने को मिली, जिसने सामाजिक समरसता के संदेश को और गहरा कर दिया।
फूलों की बारिश और आत्मीय स्वागत
सामाजिक कार्यकर्ता श्री शाकिर अली सैयद के नेतृत्व में मुस्लिम समाज के लोगों ने शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गई और आत्मीय अभिनंदन किया गया। इस दौरान वातावरण पूरी तरह भक्तिमय और सौहार्दपूर्ण बना रहा। श्री सैयद द्वारा शोभायात्रा में सम्मिलित श्रद्धालुओं को आइसक्रीम का वितरण भी किया गया।
दो दशकों से जारी है भाईचारे की यह परंपरा
श्री शाकिर अली सैयद पिछले लगभग 20 वर्षों से निरंतर श्री राम जन्मोत्सव की शोभायात्रा का स्वागत करते आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस परंपरा की शुरुआत दो दशक पूर्व बहुत ही साधारण रूप से ठंडे जल और कुछ फूलों के साथ की गई थी, जो अब एक विशाल और सामूहिक आयोजन का रूप ले चुकी है। नगरवासियों ने उनके इस कार्य की सराहना करते हुए उन्हें एकता और भाईचारे का सच्चा प्रतीक बताया।
जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों ने की प्रशंसा
क्षेत्र के विधायक श्री श्याम बर्थडे ने अपनी टीम के साथ कार्यक्रम में शिरकत की और श्री शाकिर अली सैयद के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। सद्भावना मंच के पदाधिकारी व पत्रकार अब्दुल अजीज मंसूरी तथा असद खान ने भी इस पुनीत कार्य को सराहा और नागरिकों से सभी पर्व मिलजुलकर मनाने की अपील की।
नगर के प्रबुद्धजनों ने इस आयोजन को आलीराजपुर और बड़वानी क्षेत्र की साझा संस्कृति और सामाजिक समरसता की एक उत्कृष्ट मिसाल बताया है।






