*मंत्री निर्मला भूरिया और कलेक्टर नेहा मीना की उपस्थिति में श्री शबरी गौशाला, भूरा डाबरा में गोवर्धन पूजा संपन्न*

शेयर करे

झाबुआ, नावेद रजा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में प्रदेश की सांस्कृतिक, धार्मिक एवं सामाजिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से आज प्रदेशभर में प्रमुख सार्वजनिक स्थलों एवं गौशालाओं में गोवर्धन पूजा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इसी क्रम में श्री शबरी गौशाला, भूरा डाबरा में भी गोवर्धन पर्व का आयोजन महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य तथा कलेक्टर नेहा मीना के विशेष आतिथ्य में संपन्न हुआ।

गोवर्धन पूजा एवं गौसेवा
         कार्यक्रम में मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया एवं कलेक्टर नेहा मीना ने गोबर से निर्मित श्री गोवर्धन जी का विधि-विधान से पूजन एवं आरती की। इस अवसर पर दोनों अतिथियों ने उपस्थित नागरिकों से गौसंरक्षण, संवर्धन एवं पर्यावरण संरक्षण हेतु जनजागरण का आह्वान किया।साथ ही अतिथियों ने जीवनदायिनी गौमाता की सेवा कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

            कार्यक्रम में अपने उद्बोधन में महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश के दुग्ध उत्पादन को 20 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी उद्देश्य से आज प्रदेशभर में गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जागरूकता लाने हेतु गोवर्धन पूजा कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सदियों से गोवर्धन पूजा और गाय गोहरी उत्सव हमारी परंपरा का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। आने वाली पीढ़ियों में भी हमारी संस्कृति के प्रति संवेदनशीलता और जुड़ाव बना रहे, इसके लिए इस प्रकार के आयोजनों का सतत रूप से होना आवश्यक है।

           इस अवसर पर कलेक्टर नेहा मीना ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में जिले में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पशुपालन विभाग द्वारा पंचायत स्तर पर संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी पशुपालकों और गौसेवकों को आमंत्रित किया जाएगा। इन संगोष्ठियों में पशुपालन को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी। कलेक्टर ने बताया कि पशुपालन विभाग के डॉक्टर स्वयं इस गौशाला कार्यकारिणी के सदस्य हैं, जो सीधे तौर पर गौशालाओं से जुड़े हुए हैं और पशुपालकों को वैज्ञानिक विधियों की जानकारी प्रदान कर सकते हैं, जिससे निश्चित रूप से लाभ होगा। उन्होंने गौशाला संचालन समिति के उत्कृष्ट कार्यों की प्रशंसा की तथा गौशाला में सेक्स सॉर्टेड सीमन से कृत्रिम गर्भाधान, संतुलित पशु आहार एवं अजोला के उपयोग से दुग्ध उत्पादन में वृद्धि लाने पर बल दिया।

         उपसंचालक पशुपालन डॉ. ए. एस. दिवाकर ने मुख्यमंत्री के निर्देशों एवं विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

गौसेवकों का सम्मान
          कार्यक्रम में मंत्री सुश्री भूरिया ने गौसेवा में निष्ठापूर्वक कार्य करने वाले सात गौसेवकों को शॉल एवं श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया।

           इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री सी. एस. सोलंकी, एसडीएम श्री भास्कर गाचले, डिप्टी कलेक्टर सुश्री अवंधति प्रधान, उपसंचालक पशुपालन डॉ. ए. एस. दिवाकर, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री आर. एस. बघेल, सरपंच भूरा डाबरा श्री धनसिंह कटारा सहित बड़ी संख्या में गौशाला समिति सदस्य, महिला समूह, गौभक्त एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

           कार्यक्रम संचालन श्री सुखराम कतीजा ने किया तथा आभार पशु चिकित्सक डॉ. अमित दोहरे ने व्यक्त किया। आयोजन में डॉ. मनीष चौहान, सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी एवं मैत्री कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।