बड़वानी में ‘कवच प्रोजेक्ट’ का भव्य शुभारंभ, बाल श्रम और बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प

शेयर करे

बड़वानी, 09 अप्रैल 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​पहल जन सहयोग विकास संस्थान द्वारा संचालित “कवच प्रोजेक्ट” का गुरुवार को जिले में गरिमामय शुभारंभ हुआ। इस विशेष पहल का उद्देश्य बच्चों को बाल श्रम, बाल विवाह और अन्य जोखिमों से सुरक्षित कर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और 12 चयनित गांवों के प्रतिनिधियों सहित लगभग 140 प्रतिभागी शामिल हुए।

न्याय और सुरक्षा बच्चों का मौलिक अधिकार: न्यायाधीश

​जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माननीय सचिव (न्यायाधीश) ने बच्चों के अधिकारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को न्याय और सुरक्षा मिलना उसका अधिकार है। उन्होंने जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नीरज बब्बर ने बाल संरक्षण को अत्यंत संवेदनशील विषय बताते हुए अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस और समुदाय के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।

बाल श्रम मुक्त ‘कॉटन’ के लिए कंपनियों की पहल

​कार्यक्रम में एक महत्वपूर्ण तकनीकी पक्ष सामने आया। ‘फ़ेयर लेबर एसोसिएशन’ के प्रोजेक्ट मैनेजर श्री दिलशाद ने बताया कि संस्था यह सुनिश्चित कर रही है कि कपास उत्पादन की प्रक्रिया में कहीं भी बाल श्रम का उपयोग न हो, ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बाल श्रम मुक्त उत्पाद की पहचान बन सके। मराल एवं प्रतिभा सिंथेटिक्स के प्रतिनिधियों ने भी अपने सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत वयस्क श्रमिकों को पूरी मजदूरी देने और बच्चों को काम से दूर रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।

शिक्षा और सामाजिक जागरूकता पर जोर

​जिला जेल अधीक्षक श्रीमती शैफाली तिवारी और सहायक आयुक्त श्री डामोर ने जनजातीय क्षेत्रों में बच्चों की सुरक्षा और संवेदनशीलता बढ़ाने की बात कही। जिला परियोजना समन्वयक (समग्र शिक्षा) श्री अशरफ खान ने स्कूल से बाहर हुए बच्चों को चिन्हित कर पुनः शिक्षा से जोड़ने को प्राथमिकता बताया। महिला बाल विकास विभाग की सहायक संचालक निशि गंगराडे और श्रीमती सुप्रिया चौहान ने वन स्टॉप सेंटर और विभागीय समन्वय के माध्यम से सुरक्षा सेवाओं की जानकारी दी।

जमीनी स्तर पर बदलाव का लक्ष्य

पहल संस्था के संस्थापक श्री प्रवीण गोखले ने बताया कि कवच प्रोजेक्ट का मूल उद्देश्य बच्चों के लिए एक सुरक्षित वातावरण निर्मित करना है। कार्यक्रम का संचालन हर्षा परमार ने किया और आभार जिला परियोजना समन्वयक जाहिद शेख ने माना। 12 गांवों से आए प्रतिभागियों ने अपने क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन लाने और बाल संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का सामूहिक संकल्प लिया।