बड़वानी, 19 जनवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)
परम पूज्य समाधिस्थ आचार्य शिरोमणि विद्यासागर जी महाराज के राष्ट्रहित और स्वावलंबन के स्वप्न को साकार करने की दिशा में बड़वानी जिले के सिद्ध क्षेत्र बावनगजा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। राष्ट्रीय उत्पाद और खादी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘विद्या समय पूर्ण हथकरघा एवं प्रशिक्षण केंद्र’ का भव्य शुभारंभ किया गया।
आचार्य संघों के सानिध्य में हुआ लोकार्पण
हथकरघा केंद्र का लोकार्पण परम पूज्य नवाचार्य समय सागर जी एवं आर्यिका रत्न मां पूर्णमति जी माताजी के आशीर्वाद तथा मुनि श्री प्रणुत सागर जी महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ। बावनगजा ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद दोशी और ट्रस्टी सुरेश गंगवाल ने फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया। विशेष बात यह रही कि केंद्र में निर्मित प्रथम धोती, दुपट्टा और साड़ी का लोकार्पण गणधराचार्य श्री पुष्पदंत सागर जी, आचार्य श्री विप्रणत सागर जी और आचार्य श्री प्रसन्न ऋषि जी के पावन सानिध्य में किया गया।
रोजगार और स्वावलंबन का बनेगा आधार
ब्रह्मचारिणी पिंकी दीदी के अथक प्रयासों से शुरू हुए इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य स्थानीय महिला और पुरुषों को प्रशिक्षित कर उन्हें स्वावलंबी बनाना है। केंद्र में वर्तमान में साड़ी, धोती-दुपट्टा और टॉवल का उत्पादन शुरू हो चुका है। इससे क्षेत्र की जनता को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। प्रशिक्षण के लिए कानपुर (उत्तर प्रदेश) पावरलूम प्रशिक्षण केंद्र से प्रशिक्षित विशेषज्ञ दिनेश कुमार को नियुक्त किया गया है।
संचालन हेतु कमेटी का हुआ गठन
हथकरघा केंद्र को सुचारू रूप से चलाने के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया गया है:
- संरक्षक: विनोद दोषी (बाकानेर), नरेश बड़जात्या (मनावर), सुरेश गंगवाल (सिंघाना), जुगल किशोर पाटनी और विपिन गोधा (अंजड़)।
- संचालन टीम: राजेश काला, अरिहंत अजमेरा, गौरव काला, यश सेठी, मनीष जैन (बड़वानी), स्वप्निल गंगवाल (सिंघाना), विपुल गंगवाल (मनावर), अमित गोधा और बरखा बड़जात्या (बाकानेर)।
आचार्य भगवंतों ने इस केंद्र की सफलता के लिए मंगल आशीर्वाद प्रदान किया है। क्षेत्र की महिलाओं और युवाओं में इस केंद्र के खुलने से भारी उत्साह देखा जा रहा है।





