आलीराजपुर में ‘इंदिरा ज्योति यात्रा’ का भव्य स्वागत, विधायक सेना पटेल ने हरी झंडी दिखाकर रथ को किया रवाना

शेयर करे

आलीराजपुर, 08 अप्रैल 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी – ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी के ऐतिहासिक निर्णयों और उनके जीवन दर्शन को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही “इंदिरा ज्योति यात्रा” बुधवार दोपहर आलीराजपुर पहुँची। जिला कांग्रेस के नेतृत्व में बोरखड़ स्थित पटेल फार्म हाउस पर यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया, जहाँ बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रामराज्य के संदेश के साथ रथ रवाना

​कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुदेव भास्कर राव रोकड़े के मार्गदर्शन में हुआ। इसके पश्चात “चलें रामराज्य की ओर” के पावन संदेश के साथ यात्रा रथ को हरी झंडी दिखाकर अगले गंतव्य के लिए रवाना किया गया। जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने इस अवसर पर कहा कि इंदिरा गांधी का नेतृत्व और उनके साहसी फैसले आज भी देश के लिए मिसाल हैं। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य उनकी नीतियों और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुँचाना है।

सृजन वर्ष के रूप में मनाई जा रही 108वीं जयंती

​यात्रा के साथ चल रहे लेखक एवं विचारक भास्कर राव रोकड़े (गुरुदेव) ने जानकारी दी कि इंदिरा गांधी की 108वीं जयंती के उपलक्ष्य में इस वर्ष को “सृजन वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह यात्रा 6 जनवरी 2026 से प्रारंभ हुई है और मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ व राजस्थान के विभिन्न जिलों का भ्रमण कर रही है। मालवा और निमाड़ अंचल के बाद अब यह यात्रा चंबल क्षेत्र की ओर बढ़ेगी, जिसका समापन 19 नवंबर को जयपुर में होगा।

संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प

​पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओमप्रकाश राठौर ने यात्रा को कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने वाला बताया। उन्होंने कहा कि इंदिरा जी का जीवन संघर्ष और साहस का प्रतीक है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आपसी समन्वय बढ़ाने, संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहने का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी

​स्वागत कार्यक्रम में विधायक सेना महेश पटेल, ओमप्रकाश राठौर, सुरेश शारडा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश पचाया, हरीश भाबर, नगरसिंह वसुनिया, सुरसिंह सोलंकी, मदन डावर, ज्ञानसिंह मुजाल्दा, शब्बीर बोहरा सहित जिले के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।