हिंदू समाज—एक पहचान, एक संकल्प: संघ शताब्दी वर्ष पर भगवानपुरा में उमड़ा जनसैलाब, सामाजिक समरसता का दिया संदेश

शेयर करे

ठीकरी, 27 जनवरी 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट)

​राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर ग्रामीण मंडल द्वारा ग्राम भगवानपुरा में एक भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और हिंदू समाज की अटूट एकता का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में “हिंदू समाज—एक पहचान, एक संकल्प” के भाव को चरितार्थ करते हुए क्षेत्र के 12 से अधिक समाजों के लोग एक ही जाजम पर नजर आए।

संतों ने दिया राष्ट्र निर्माण का आह्वान

सम्मेलन को संबोधित करते हुए नर्मदा तट शिवांगी धाम के संत राघवेंद्र महाराज ने हिंदू समाज की गौरवशाली सांस्कृतिक परंपराओं और जीवन पद्धति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज को अपनी जड़ों से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए।

पंच परिवर्तन और पर्यावरण पर जोर

मातृशक्ति की ओर से सारिका चौहान ने ‘पंच परिवर्तन’ विषय पर प्रभावी उद्बोधन दिया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक दायित्व बताते हुए प्लास्टिक का उपयोग कम करने, स्वच्छता बनाए रखने और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प दिलाया।

जाति-पाति से ऊपर उठकर संगठित हो समाज

मुख्य वक्ता महादेव यादव ने संघ की शताब्दी यात्रा की जानकारी देते हुए बताया कि संघ का मूल उद्देश्य समाज को जाति-पाति के भेदभाव से ऊपर उठाकर संगठित करना है। उन्होंने “हम सब हिंदू हैं” के भाव के साथ सामाजिक जागरूकता पर बल दिया।

12 समाजों की एकजुटता और सहभोज

सम्मेलन में ग्राम जरवाह, सेगवाल, उमर्दा और भगवानपुरा सहित मंडल क्षेत्र के विभिन्न वर्गों और समाजजनों ने बड़ी संख्या में शिरकत की। पूरा वातावरण अनुशासन और उत्साह से परिपूर्ण रहा। कार्यक्रम का समापन सामूहिक सहभोज के साथ हुआ, जिसने सामाजिक समरसता की मिसाल पेश की।