आलीराजपुर में एचपीवी टीकाकरण अभियान का आगाज: 14 वर्ष की बालिकाओं को अब नि:शुल्क लगेगा सर्वाइकल कैंसर से बचाव का टीका

शेयर करे

आलीराजपुर, 28 फरवरी 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी: ब्यूरो रिपोर्ट)

​महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर (बच्चेदानी के मुंह का कैंसर) की रोकथाम के लिए आलीराजपुर जिले में एक ऐतिहासिक शुरुआत हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अजमेर से शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी एचपीवी वैक्सीन (HPV Vaccine) टीकाकरण अभियान के तहत जिले में भी बालिकाओं को सुरक्षा कवच प्रदान किया जा रहा है। कलेक्टर नीतू माथुर के निर्देशन में जिला चिकित्सालय सहित जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर इस अभियान का शुभारंभ किया गया।

पहली डोज अनवी पाटीदार और भूमिका को लगी

​जिला चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सबसे पहले डॉ. सचिन पाटीदार की पुत्री सुश्री अनवी पाटीदार और सुश्री भूमिका माली को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अतुलकर ने बताया कि जिले में अब यह सुविधा जिला अस्पताल के साथ-साथ जोबट, चंद्रशेखर आज़ाद नगर, कट्ठीवाड़ा, सोंडवा और उदयगढ़ के शासकीय केंद्रों पर पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध है।

किसे लगेगा यह टीका?

​जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. प्रकाश पटेल ने जानकारी दी कि जिले को वर्तमान में 5388 डोज प्राप्त हुए हैं। यह विशेष टीकाकरण केवल उन किशोरी बालिकाओं के लिए है जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन पूरा कर लिया है, लेकिन अभी 15वां जन्मदिन नहीं मनाया है। अर्बन नोडल अधिकारी डॉ. सचिन पाटीदार के अनुसार, ‘गार्डासिल-4’ का यह सिंगल डोज पूरी तरह सुरक्षित है और भविष्य में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से प्रभावी सुरक्षा प्रदान करता है।

निजी संस्थानों के बाद अब सरकारी केंद्रों पर मुफ्त

​सिविल सर्जन डॉ. प्रकाश ढोके ने बताया कि पहले यह वैक्सीन केवल निजी अस्पतालों में महंगी दरों पर उपलब्ध थी, लेकिन अब सरकार इसे ग्रामीण अंचलों तक नि:शुल्क पहुँचा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 वर्षीय बेटियों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर यह टीका अवश्य लगवाएं।

​इस अवसर पर डॉ. देवेंद्र सुनहरे, डॉ. दामिनी पटेल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।