आलीराजपुर, 25 फरवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी : ब्यूरो रिपोर्ट)
भारतीय मजदूर संघ भोपाल के आह्वान पर बुधवार को आलीराजपुर जिले में कर्मचारी हितों को लेकर बड़ा प्रदर्शन किया गया। भारतीय मजदूर संघ और राज्य कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री और जिलाधीश के नाम तहसीलदार सविता राठी को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में प्रदेश और जिला स्तर की लंबित 31 सूत्रीय मांगों को तत्काल निराकरण करने की मांग की गई है।
प्रमुख मांगें: पुरानी पेंशन बहाली और महंगाई भत्ता
राज्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष राजेश आर. वाघेला ने बताया कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में महंगाई भत्ता (DA), पुरानी पेंशन योजना (OPS) को बहाल करना और अध्यापक संवर्ग को नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता प्रदान करना शामिल है। इसके अलावा कर्मचारियों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा, शिक्षकों की ‘ई-अटेंडेंस’ व्यवस्था को समाप्त करने, अनुकंपा नियुक्ति के नियमों को सरल बनाने और लिपिक वर्गीय वेतनमान में संशोधन जैसी महत्वपूर्ण मांगें भी प्रमुखता से उठाई गईं।
जिला स्तर पर वेतन और एरियर भुगतान की मांग
प्रदेश स्तरीय मांगों के साथ-साथ जिला स्तर की समस्याओं पर भी ध्यान आकर्षित किया गया। संगठन ने नवीन शिक्षकों के शेष वेतन का भुगतान, समय पर क्रमोन्नति आदेश जारी करने, डीए एरियर और क्रमोन्नति एरियर के त्वरित भुगतान की मांग रखी है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
बड़ी संख्या में उपस्थित रहे कर्मचारी
इस अवसर पर सुनीता जाटव, प्रमिला किराड़, निर्मला चौहान, ओपीएस जिलाध्यक्ष सुरेंद्र चौहान, उपाध्यक्ष सुमनसिंह गाड़रिया सहित बड़ी संख्या में भारतीय मजदूर संघ और राज्य कर्मचारी संघ के सदस्य उपस्थित रहे। ज्ञापन सौंपने के दौरान कर्मचारियों ने अपनी एकजुटता का परिचय देते हुए सरकार से जल्द से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।




