बड़वानी में अपनी 11 सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर बिजली कर्मियों ने भरी हुंकार, अधीक्षण यंत्री कार्यालय पर किया जोरदार प्रदर्शन

शेयर करे

बड़वानी, 03 अप्रैल 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट) ✍️

​भारतीय मजदूर संघ और अखिल भारतीय विद्युत मजदूर महासंघ के बैनर तले गुरुवार को मध्य प्रदेश बिजली कर्मचारी महासंघ ने अपनी जायज मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी चरणबद्ध आंदोलन के तीसरे चरण में प्रदर्शन किया। बड़वानी के अधीक्षण यंत्री कार्यालय परिसर में बड़ी संख्या में एकत्रित हुए बिजली कर्मचारियों ने अपनी आवाज बुलंद की और जमकर नारेबाजी की।

नियमितिकरण और वेतन विसंगति मुख्य मुद्दा

​पश्चिम क्षेत्र विद्युत कर्मचारी महासंघ के संयुक्त महामंत्री मो. सादिक शेख ने बताया कि जिले में करीब 800 संविदा और आउटसोर्स कर्मी वर्षों से अपनी सेवाओं के नियमितिकरण का इंतजार कर रहे हैं। आउटसोर्स कर्मियों को वर्तमान में निजी ठेकेदारों के माध्यम से काम सौंपा गया है, जिससे उन्हें न तो उचित मानदेय मिल पा रहा है और न ही आवश्यक सुविधाएं। आंदोलन को विद्युत उत्पादन कर्मचारी संघ, सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ और बाह्यस्रोत कर्मचारी संघ सहित कई संगठनों का पूर्ण समर्थन प्राप्त है।

यह हैं प्रमुख 11 सूत्रीय मांगें

​आंदोलनकारी कर्मचारियों ने अपनी प्रमुख मांगों को लेकर स्पष्ट किया कि:

  • ​संविदा कर्मियों को नियमित किया जाए और आउटसोर्सिंग के लिए हरियाणा की तर्ज पर कंपनी गठित हो।
  • ​तृतीय व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए गृह जिला स्थानांतरण नीति लागू की जाए।
  • ​सेवानिवृत्त कर्मियों की पेंशन सीधे जिला कोषालय से प्रदान की जाए।
  • ​ग्रेच्युटी की राशि 20 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपये की जाए।
  • ​उच्च शिक्षा प्राप्त कर्मियों को कनिष्ठ अभियंता के पद पर नियुक्ति दी जाए।

16 अप्रैल को भोपाल में होगा बड़ा आंदोलन

महासंघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो चौथे चरण में 16 अप्रैल को ‘भोपाल चलो’ आंदोलन के तहत राजधानी में विशाल प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी निराकरण न होने पर कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन के दौरान संतोष सोलंकी, सीताराम यादव, मनीष सेन, अवधेश नामदेव सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।