आलीराजपुर, 27 फरवरी 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी : ब्यूरो रिपोर्ट)
लोक संस्कृति और परंपराओं का महापर्व ‘भगोरिया’ शुक्रवार को आलीराजपुर जिले के उदयगढ़ में अपने पूरे शबाब पर नजर आया। इस उल्लासपूर्ण वातावरण में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वयं शिरकत की। मुख्यमंत्री के आगमन से भगोरिया की रंगत और अधिक बढ़ गई, जहाँ उन्होंने जनजातीय समाज के साथ मिलकर लोक संस्कृति का आनंद लिया।
तीर-कमान भेंट कर हुआ भव्य स्वागत
उदयगढ़ पहुँचने पर कलेक्टर नीतू माथुर और प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने मुख्यमंत्री को जनजातीय गौरव के प्रतीक स्वरूप ‘तीर-कमान’ भेंट किया। मंच से जनता को संबोधित करते हुए मंत्री चौहान ने क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा, जिसे डॉ. यादव ने सहर्ष स्वीकार किया।
28 गांवों को मिलेगा नर्मदा का जल
क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि उदयगढ़ क्षेत्र के 28 गांवों तक मां नर्मदा का जल पहुँचाने के लिए सर्वे की मांग मंजूर कर ली गई है। उन्होंने कहा कि शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की पुण्यतिथि पर उनकी जन्मभूमि भाबरा को नमन करना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने जनजातीय समाज को आश्वस्त किया कि उनकी सरकार विरासत और विकास को एक साथ लेकर चलने के लिए प्रतिबद्ध है।
परंपरागत वेशभूषा और मांदल की थाप
भगोरिया मेले में जनजातीय युवक-युवतियां अपनी रंग-बिरंगी वेशभूषा और पारंपरिक चांदी के आभूषणों में सजे-धजे नजर आए। मांदल और ढोल की थाप पर लोक नृत्य करते समूहों ने माहौल को जीवंत बना दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगोरिया केवल एक पर्व नहीं, बल्कि जनजातीय संस्कृति, प्रेम और सामाजिक समरसता का अद्भुत प्रतीक है।
दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी
इस अवसर पर पूर्व सांसद गुमानसिंह डामोर, पूर्व विधायक माधोसिंह डावर, विशाल रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष हजरीबाई खरत, संभागायुक्त इंदौर डॉ. सुदाम खाड़े सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे। पूरा क्षेत्र ढोल की थाप और पारंपरिक लोकधुनों से गुंजायमान रहा।





