जैन श्वेतांबर सोशल ग्रुप ने पेश की सेवा की मिसाल जरूरतमंद बच्चों और बुजुर्गों को वितरित किए गर्म कपड़े

शेयर करे

कसरावद, 21 दिसम्बर 2025।

संवाददाता: अनीस खान

​मैत्री से संगठन और संगठन से सेवा के संकल्प को चरितार्थ करते हुए जैन श्वेतांबर सोशल ग्रुप कसरावद द्वारा दो दिवसीय विशेष मानव सेवा अभियान चलाया गया। इस मुहिम के तहत ग्रुप के सदस्यों ने कड़ाके की ठंड को देखते हुए स्कूली बच्चों और बेसहारा लोगों को राहत पहुँचाने का कार्य किया।

​ठिठुरती ठंड में बच्चों के चेहरे पर आई मुस्कान

​सेवा अभियान के पहले चरण में 17 दिसंबर को ग्रुप के सदस्य शासकीय प्राथमिक विद्यालय क्रमांक 7 पहुँचे। यहाँ संसाधनों के अभाव में ठंड से ठिठुर रहे नन्हे-मुन्ने और निर्धन बच्चों को स्वेटर वितरित किए गए। गर्म कपड़े पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ नज़र आ रही थी। ग्रुप का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक तंगी किसी भी बच्चे की शिक्षा और स्वास्थ्य के आड़े न आए।

​बेसहारा लोगों को मिला कंबल और स्वेटर का सहारा

​अभियान के दूसरे चरण में 19 दिसंबर को बड़गांव स्थित ओटे पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहाँ अत्यंत निर्धन और लाचार लोगों को ‘दो सेवा न्यास’ के सहयोग से कंबल और स्वेटर का वितरण किया गया। खुले आसमान के नीचे रातें गुजारने वाले मजबूर लोगों के लिए यह सहायता एक बड़ी राहत बनकर उभरी है।

​सामाजिक सहयोग और करुणा की भावना पर जोर

​इस अवसर पर ग्रुप अध्यक्ष एवं मध्य प्रदेश निमाड़ रीजन की चेयरमैन श्रीमती मोनिका जैन ने अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि यह सेवा केवल एक कार्य नहीं बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी और सामूहिक सहयोग की भावना का प्रतीक है। ऐसे सामाजिक कार्यों से न केवल पीड़ित लोगों को तत्काल राहत मिलती है, बल्कि इससे समाज में आपसी सहयोग और करुणा की जड़ें भी मजबूत होती हैं। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह के जनकल्याणकारी कार्यों को जारी रखने का संकल्प दोहराया।

​कार्यक्रम में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

​इस सेवा कार्य के दौरान ग्रुप के उपाध्यक्ष प्रदीप गांधी लूनिया, निक्कू जैन, श्री संघ अध्यक्ष तिलोकचंद जी कवाड़, मनोज रायली, नवीन लूनिया, लब्धि जैन, मनोज मांडोत, दिलीप लूनिया और हेमंत जैन मुख्य रूप से मौजूद रहे। इनके साथ ही श्रीमती आशा लूनिया, मनीषा लुनिया, रीना कांकलिया, नमिता लुनिया एवं भावना कवाड़ ने भी अपनी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए इस पुनीत कार्य में सहयोग दिया।