जोबट विधायक सेना पटेल ने विधानसभा में मनरेगा और पुल निर्माण के मुद्दों पर सरकार को घेरा 17 महीनों से एक भी पुलिया स्वीकृत न होने पर जताई नाराजगी

शेयर करे

आलीराजपुर, 18 फरवरी 2026।

निमाड़ दस्तक न्यूज़ (रफीक कुरैशी : ब्यूरो रिपोर्ट)

​मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान जोबट विधायक श्रीमती सेना महेश पटेल ने आलीराजपुर जिले में मनरेगा और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत पेश करते हुए प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। विधायक पटेल ने सदन में जिले की खराब सड़कों, अधूरे पुलों और मजदूरों के लंबित भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

17 महीनों से विकास कार्य ठप होने का आरोप

​विधायक सेना पटेल ने सदन को अवगत कराया कि पिछले 17 महीनों से आलीराजपुर जिले में मनरेगा के तहत एक भी पक्का पुल या पुलिया निर्माण कार्य स्वीकृत नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिया न होने के कारण बरसात के दिनों में कई गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से पूरी तरह कट जाता है। इसका सबसे बुरा असर स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ता है, जहां गर्भवती महिलाओं को डिलीवरी के लिए अस्पताल ले जाने में ग्रामीणों को भारी मशक्कत करनी पड़ती है।

मजदूरी और सामग्री भुगतान पर उठाए सवाल

​मनरेगा श्रमिकों की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए विधायक ने कहा कि मजदूरों की मजदूरी और सामग्री का भुगतान लंबे समय से लंबित है। समय पर पैसा न मिलने से गरीब श्रमिकों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है और पंचायतें भी आर्थिक दबाव में हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि इन लंबित भुगतानों का तत्काल निराकरण किया जाए।

भ्रामक जानकारी देने पर जताई आपत्ति

​सदन में चर्चा के दौरान जब विभागीय मंत्री द्वारा पुराने वर्षों के आंकड़े प्रस्तुत किए गए, तो विधायक सेना पटेल ने उसे ‘भ्रामक’ बताते हुए कड़ा असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट रूप से मांग की कि जिले की पंचायतों को अधिक से अधिक नए कार्य स्वीकृत किए जाएं ताकि स्थानीय ग्रामीणों को उनके गांव में ही रोजगार उपलब्ध हो सके।