आलीराजपुर, 28 मार्च 2026।
निमाड़ दस्तक न्यूज़ (ब्यूरो रिपोर्ट – रफीक कुरैशी) ✍️
बोहरा समाज के सर्वोच्च धर्मगुरु डॉ. सैयदना साहब के आलीराजपुर में प्रस्तावित आगमन को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में शनिवार को आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल ने बोहरा बाखल क्षेत्र का सघन दौरा किया और जमीनी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
नपा अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान श्री पटेल ने नगर पालिका अधिकारियों और कर्मचारियों को साफ-सफाई, बेहतर जल निकासी, सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में देशभर से श्रद्धालु पहुँचेंगे, इसलिए हर व्यवस्था समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी होनी चाहिए।
सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश
महेश पटेल ने कहा कि सैयदना साहब का आगमन केवल बोहरा समाज के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे आलीराजपुर नगर के लिए गौरव का विषय है। यह भव्य आयोजन सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश देगा। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राठौर, पार्षद प्रतिनिधि अजहर चंदेरी, नपा सीएमओ कमल मुजाल्दा और बोहरा समाज के वरिष्ठ प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर क्षेत्र की गलियों और मुख्य मार्गों का जायजा लिया और आवश्यक सुधार कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।





